मावली क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आगामी शैक्षिक सत्र की ठोस रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से मंगलवार को एक महत्वपूर्ण ब्लॉक निष्पादन बैठक का आयोजन किया जाएगा। यह बैठक प्रातः 11 बजे पीएम श्री मावली विद्यालय परिसर स्थित हॉल में प्रारंभ होगी। बैठक की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी द्वारा की जाएगी, जबकि संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा उदयपुर प्रमोद कुमार सुथार की उपस्थिति प्रस्तावित है।

बैठक में मावली के दोनों ब्लॉकों के समस्त संस्था प्रधान शामिल होंगे। इसमें सभी महात्मा गांधी विद्यालयों, मॉडल स्कूलों, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालयों के संस्था प्रधानों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इस अवसर पर दिसंबर माह की समीक्षा एवं भविष्य की कार्ययोजना को लेकर शिक्षा विभाग की समस्त गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

बैठक में नए शैक्षिक सत्र की तैयारियों पर विशेष जोर रहेगा। एक अप्रैल 2026 से प्रस्तावित प्रवेश प्रक्रिया को लेकर तैयारी और प्रचार-प्रसार की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही शाला दर्पण रैंकिंग के नवीन पैरामीटर, समान परीक्षा एवं पाठ्यक्रम, बोर्ड परीक्षा उन्नयन, विद्यार्थियों और स्टाफ की ऑनलाइन उपस्थिति, तथा राजसिम्स पोर्टल पर शत-प्रतिशत मध्याह्न भोजन प्रविष्टि जैसे विषयों पर भी गंभीर विमर्श होगा।

समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित योजनाओं, आधार व जनआधार ऑथेंटिकेशन, शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति डीबीटी, यू-डाईस प्लस, ज्ञान संकल्प पोर्टल, पीपीसी, विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए गतिविधियों, फरवरी माह में ओआरएफ समीक्षा तथा अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणामों के शाला दर्पण पोर्टल पर अपलोड को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त कम नामांकन वाले विद्यालयों के समन्वय व मर्ज संबंधी सूचनाएं, लंबित अनुकम्पा नियुक्ति प्रकरणों का निस्तारण, सांसद खेल 2025 की पूर्व तैयारियां, लेखाधिकारी द्वारा वित्तीय आवश्यकताओं पर चर्चा, वरिष्ठ अध्यापक पदोन्नति से जुड़ी आपत्तियों के निराकरण, तथा पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली से संबंधित फोटो व वीडियो अपलोड की प्रक्रिया पर भी जानकारी साझा की जाएगी।

बैठक में शिक्षा विभाग के सभी गतिविधि प्रभारी उपस्थित रहेंगे और अपने-अपने दायित्वों से संबंधित प्रगति व योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। यह बैठक न केवल शैक्षणिक गुणवत्ता के मूल्यांकन का मंच बनेगी, बल्कि आने वाले सत्र में शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story