कानोड: भाजपा का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न
कानोड और केरेश्वर मंडल के 150 कार्यकर्ताओं ने सात सत्रों में लिया भाग, विधायक उदयलाल डांगी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने दिया संगठन और जनकल्याणकारी योजनाओं का मार्गदर्शन।

कानोड। भारतीय जनता पार्टी की सांगठनिक सुदृढ़ता और कार्यकर्ताओं के कौशल विकास हेतु पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत कानोड एवं केरेश्वर मंडल का संयुक्त प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 22 एवं 23 मार्च को नीमच रोड स्थित पुरोहित वाटिका में आयोजित इस दो दिवसीय शिविर में देहात जिला संगठन द्वारा नियुक्त वर्गाधिकारी दिनेश जोशी एवं पालक भगवती लाल शर्मा के सानिध्य में वैचारिक और रणनीतिक चर्चाओं का दौर चला। रविवार प्रातः 10 बजे कार्यकर्ताओं के आगमन, विधिवत पंजीकरण, परिचय और आत्मीय स्वागत के साथ इस प्रशिक्षण अनुष्ठान का श्रीगणेश हुआ, जिसका समापन सोमवार प्रातः काल हुआ।
चौबीस घंटे तक चले इस सघन प्रशिक्षण शिविर के दौरान कुल सात महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए, जिसमें संगठन की कार्यपद्धति से लेकर भविष्य की चुनावी चुनौतियों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। इन सत्रों में मुख्य वक्ताओं के रूप में देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, आईटी सेल के जगदीश खेरलिया, पूर्व जिला मंत्री भँवर भट्ट, विस्तारक संजय लोहारिया तथा पूर्व जिला प्रभारी भाजयुमो दिनेश जोशी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वक्ताओं ने भाजपा के गौरवशाली इतिहास, वैचारिक अधिष्ठान, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, आगामी पंचायती राज व नगर निकाय चुनाव की रणनीति, तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। साथ ही, कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास और सांगठनिक अनुशासन पर विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता पूर्व मंडल अध्यक्ष अनूप श्रीमाली, गिरधारी सोनी, केरेश्वर मंडल अध्यक्ष भँवर जाट, पूर्व चेयरमैन अनिल शर्मा और रामेश्वर प्रजापत द्वारा की गई। कार्यक्रम का कुशल संचालन धर्मवीर व्यास ने किया, जबकि अंत में कानोड मंडल महामंत्री हितेंद्र सुथार, केरेश्वर मंडल महामंत्री उदय सिंह एवं भैरू लाल चौबिसा ने सभी का आभार व्यक्त किया। आयोजन की सफलता में भोजन व आवास व्यवस्था में विनोद जोशी, पंजीयन में रमेश भोजावत, राजकुमार सुथार, पवन व्यास तथा विद्युत व्यवस्था में ललित वैष्णव का सराहनीय सहयोग रहा। इस ऐतिहासिक वर्ग में कानोड एवं केरेश्वर दोनों मंडलों की कार्यकारिणी, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, सह-संयोजक, प्रभारी, जिला व पूर्व पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों सहित कुल 150 प्रमुख सक्रिय कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
