टीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भारतीय जनता पार्टी मंडल ओगणा की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, डिजिटल प्रशिक्षण और बूथ स्तर पर कार्यों को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के जिला प्रभारी मोतीलाल मीणा ने कार्यकर्ताओं से डिजिटल लर्निंग सर्टिफिकेट पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने संगठनात्मक बैठकों को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ बूथ स्तर पर प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुनने और उसे 'सरल ऐप' पर अपलोड करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को और अधिक सशक्त एवं मजबूत बनाने का आग्रह किया।

राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने अपने संबोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर बैठे प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक आमजन को उनका लाभ दिलाने की अपील की।

बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष भंवर सिंह पवार ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष तखत सिंह सोलंकी ने की और स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया, जबकि मंडल महामंत्री दिनेश गरासिया ने मंच संचालन का दायित्व निभाया।

बैठक में मंडल उपाध्यक्ष शांतिलाल गरासिया, तोलाराम मेघवाल, केसर सिंह सोलंकी, रघुनाथ सिंह सोलंकी, भोपाल सिंह सुहावत, मंडल मंत्री शेर सिंह सोलंकी, केशु लाल गमार, कैलाश बाई, भगवती कंवर, पूर्व मंडल महामंत्री मांगीलाल पटेल सहित मंडल के सभी बूथ अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, डिजिटल प्रशिक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story