डूंगरपुर में भाजपा के नवीन जिला कार्यालय का भव्य उद्घाटन संपन्न
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने वर्चुअल माध्यम से किया लोकार्पण, प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी और सांसद मन्नालाल रावत सहित कई दिग्गज रहे मौजूद।

भारतीय जनता पार्टी डूंगरपुर के नवीन जिला कार्यालय का उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चार एवं होम-हवन के साथ विधिवत रूप से संपन्न हुआ, जिसमें धार्मिक अनुष्ठान और संगठनात्मक ऊर्जा का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य गषि दवे के सान्निध्य में नवचंडी यज्ञ एवं वास्तु विधान से हुई, जिसमें यजमान के रूप में जिलाध्यक्ष अशोक पटेल अपने परिवार सहित उपस्थित रहे तथा उनके साथ भाजपा महामंत्री पंकज जैन भी शामिल रहे।
इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रभारी मंत्री एवं जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबुलाल खराड़ी, उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत, सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा तथा पूर्व सांसद कनकमल कटारा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हवन-पूजन के उपरांत सुबह 11 बजे कार्यालय सभागार में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी दिशा पर चर्चा हुई।
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने वर्चुअल माध्यम से कार्यालय का लोकार्पण करते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इससे पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक रणौली की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मंचासीन अतिथियों के रूप में बाबूलाल खराड़ी, मन्नालाल रावत, शंकरलाल डेचा, कनकमल कटारा, भवन निर्माण संयोजक हरीश पाटीदार, आचार्य गषि दवे, महामंत्री ईश्वर लबाना तथा सुरमाल परमार मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान धनपाल जैन ने निर्माण में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी कार्यकर्ताओं का तालियों के माध्यम से सम्मान करवाया। निर्माण समिति के सहसंयोजक हरीश पाटीदार ने कार्यालय निर्माण की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। वहीं प्रभारी मंत्री एवं सांसद ने नए कार्यालय को संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की और इसे भाजपा के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण की दिशा में अहम कदम बताया।
गौरतलब है कि राजस्थान में एक साथ सात जिला भाजपा कार्यालयों का उद्घाटन किया गया, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 27 अप्रैल को वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। वे इस दौरान टोंक में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि अन्य जिलों के कार्यालयों का उद्घाटन ऑनलाइन किया गया, जिनमें डूंगरपुर का नवीन कार्यालय भी शामिल रहा। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री पंकज जैन ने किया।
नवीन कार्यालय का उद्घाटन न केवल संगठनात्मक विस्तार का प्रतीक बना, बल्कि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और समर्पण का संचार करते हुए भाजपा की जमीनी मजबूती को भी रेखांकित करता नजर आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
