खेरवाड़ा में भाजपा मंडल की अति आवश्यक बैठक गुरुवार को डाक बंगला परिसर में आयोजित हुई। बैठक में आगामी पंचायती राज चुनाव, जनसंवाद अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों और तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आगामी कार्ययोजना तैयार की गई।

बैठक पूर्व विधायक नानालाल अहारी एवं पूर्व प्रधान अमृत डामोर के आतिथ्य और मार्गदर्शन में आयोजित हुई। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नेता पारस जैन ने कहा कि भाजपा का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।

बैठक में मंडल कार्यकारिणी, शक्ति केंद्र संयोजक एवं प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, बूथ कार्यकारिणी, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई तथा प्रत्येक कार्यकर्ता से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

बैठक के अंत में संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। भाजपा मंडल खेरवाड़ा अध्यक्ष हेमंत मेहता ने बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि संगठन की मजबूती, जनसंवाद को प्रभावी बनाने तथा आगामी पंचायती राज चुनाव और तिरंगा यात्रा को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

बैठक में देहात जिला मंत्री अमित कलाल, कोषाध्यक्ष नरेश अग्रवाल, नगर अध्यक्ष ओम व्यास, भाजपा नेता पारस जैन, पूर्व उप प्रधान अमृत लाल पटेल, पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी बजरंग लाल अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमंत मेहता ने किया। बैठक में संगठनात्मक एकजुटता और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story