खेरवाड़ा के नयागांव उपखंड स्थित काकरा डूंगरा (तीन पट्टा) में रहने वाले दिव्यांग विकेश पुत्र बंशीलाल अहारी पर इन दिनों अपने छोटे भाई-बहनों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी आ गई है। माता-पिता रोजगार की तलाश में गुजरात गए हुए हैं, जिसके कारण शारीरिक रूप से असमर्थ विकेश ही पूरे परिवार की देखभाल कर रहे हैं। परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर भाजपा पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत सामग्री के साथ आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा दिया।

परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय बताई जा रही है। कुल नौ भाई-बहनों में से किसी का भी अभी तक विद्यालय में प्रवेश नहीं हो पाया है, जिससे शिक्षा का अभाव उनके भविष्य और विकास में बड़ी बाधा बना हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बावजूद परिवार के कुछ सदस्यों के नाम अब तक राशन कार्ड में दर्ज नहीं हो सके हैं।

ग्रामीणों के अनुसार विभिन्न सरकारी शिविरों के आयोजन के बावजूद परिवार को पात्र सरकारी योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया। वर्तमान में कुछ ग्रामीण और रिश्तेदार सहयोग कर रहे हैं, लेकिन यह परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त नहीं है। दो दिन पूर्व नयागांव के विकास अधिकारी चंदूलाल मीणा ने परिवार के घर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था और शीघ्र ही पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।

परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक नानालाल अहारी, पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, जनप्रतिनिधि शंकर लाल खराड़ी, कनबई मंडल अध्यक्ष नवीन रावल, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महामंत्री अशोक कलाल, महामंत्री गट्टू लाल बारोठ एवं बच्चू लाल खराड़ी, मीडिया प्रभारी महिपाल मीणा, पूर्व उप सरपंच सुरेश खराड़ी, रणछोड़ खराड़ी, कालू राम दामोर, जीवत राम डामोर सहित भाजपा के कई पदाधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राशन सामग्री एवं नगद सहायता प्रदान कर परिवार को संबल दिया।

कनबई मंडल मीडिया प्रभारी महिपाल मीणा ने जिन सदस्यों के नाम राशन कार्ड में शामिल नहीं थे, उनके नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कर स्वयं विकास अधिकारी कार्यालय से अनुमोदित कराई। वहीं पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने परिवार के पास हैंडपंप खुदवाने के लिए बीडीओ को निर्देशित किया। उन्होंने दिव्यांग विकेश को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने, परिवार को सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस पहल से लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं और सरकारी सहायता से वंचित परिवार को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story