झाडोल में भाजपा का स्थापना दिवस मनाया, कार्यकर्ताओं ने लिया अंत्योदय का संकल्प
झाडोल मंडल के कोर्ट चौराहा स्थित गणेश मंदिर में जुटे कार्यकर्ता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के वैचारिक सिद्धांतों पर हुई चर्चा।

झाडोल। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के सुअवसर पर आज झाडोल विधानसभा क्षेत्र के झाडोल मंडल में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने संगठन की गौरवशाली यात्रा और वैचारिक अधिष्ठान को नमन किया। झाडोल मंडल अंतर्गत कोर्ट चौराहा स्थित प्राचीन गणेश मंदिर परिसर में एकत्रित हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर और हर्षोल्लास के साथ स्थापना दिवस की खुशियां साझा कीं। इस दौरान भाजपा के उन महान लोकनायकों के संघर्षपूर्ण इतिहास को स्मरण किया गया, जिन्होंने शून्य से शिखर तक की इस यात्रा में अपना सर्वस्व अर्पण कर दिया।
संगठन की वैचारिक नींव पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रखर राष्ट्रवादी सोच और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'एकात्म मानववाद' के सिद्धांतों ने ही आज इस संगठन को एक अटूट वैचारिक आधार प्रदान किया है। वर्तमान में भाजपा 'अंत्योदय' के लक्ष्य को आत्मसात कर 'सेवा ही संगठन' के मूल मंत्र के साथ निरंतर राष्ट्र निर्माण में समर्पित है। 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के भाव से प्रेरित होकर ही आज भारतीय जनता पार्टी विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित हुई है।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में झाडोल मंडल अध्यक्ष शंकर लाल गाडरी, कोषाध्यक्ष नथमल जैन, झाडोल सरपंच आशा देवी वडेरा, महामंत्री निर्मल दरजी, पंकज पडीया, मंडल उपाध्यक्ष लाल सिंह राणावत, बदराणा सरपंच रेखा देवी लुर, मनीष पुरोहित, भरत जैन, भावुक जैन एवं बंसीलाल बडेरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह जानकारी झाडोल विधानसभा मीडिया संयोजक जीतू भाई शुक्ला द्वारा प्रदान की गई। अंत में, कार्यकर्ताओं ने संगठन की रीति-नीति पर चलते हुए जनसेवा का संकल्प दोहराया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
