भाजपा धरियावद विधानसभा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का धौलागढ़ में समापन
उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कार्यकर्ताओं को भविष्य की चुनौतियों और बूथ प्रबंधन के गुर सिखाए, राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान किया।

फतहनगर। भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक यात्रा और भविष्य की चुनौतियों पर गहन मंथन के ध्येय के साथ आयोजित 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। धरियावद विधानसभा के झल्लारा और भबराना मंडलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं हेतु धौलागढ़ धाम स्थित पशुपति नाथ आश्रम सभागार में आयोजित इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की मजबूती और कैडर आधारित कार्यपद्धति पर विशेष बल दिया गया। समापन सत्र के मुख्य वक्ता भाजपा उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने सारगर्भित संबोधन में स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं के त्याग और बलिदान की आधारशिला पर ही आज भाजपा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में प्रतिष्ठित है।
पुष्कर तेली ने जनसंघ से लेकर जनता पार्टी और 1980 में भाजपा की स्थापना से लेकर वर्ष 2026 तक के सफर को रेखांकित करते हुए कहा कि यह यात्रा मूलतः व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के अपने मूल सिद्धांतों पर अडिग रहकर अनवरत कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'विकसित भारत' के संकल्प को सिद्ध करने हेतु उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से कमर कसने का आह्वान किया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य भविष्य की चुनौतियों के लिए विमर्श तैयार करना, कार्यकर्ताओं को हाईटेक बनाना, कुशल चुनावी प्रबंधन सिखाना और वैचारिक रूप से पूर्णतः समर्पित कैडर तैयार करना रहा।
इस महाअभियान का विधिवत शुभारंभ 25 मार्च को सायंकाल 5 बजे जिला महामंत्री कन्हैया लाल मीणा द्वारा किया गया था। दो दिवसीय शिविर के विभिन्न सत्रों में विषय विशेषज्ञों ने सांगठनिक बारीकियों पर प्रकाश डाला। प्रथम सत्र में कन्हैया लाल मीणा ने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों व उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर मार्गदर्शन दिया। द्वितीय सत्र में करण सिंह पंवार ने वैचारिक अधिष्ठान, तृतीय सत्र में जयदीप जैन ने मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रबंधन, चतुर्थ सत्र में गणपत सिंह ने बूथ प्रबंधन तथा पांचवें सत्र में जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने भाजपा की विशिष्ट कार्यपद्धति विषय पर विस्तृत पाथेय प्रदान किया। छठे सत्र में सोनल मीणा ने आगामी पंचायती राज चुनाव प्रबंधन की रणनीतियों को साझा किया, वहीं सातवें सत्र में उप प्रधान देवेंद्र सिंह अजबावत ने कार्यविस्तार की हमारी दृष्टि विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम के समस्त सत्रों का कुशल संचालन दिनेश सुथार द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण सांगठनिक आयोजन के अवसर पर भबराना मंडल अध्यक्ष भवानी सिंह चौहान, शिविर संयोजक मनोहर सिंह, गणपत सिंह काजावाडा, पूर्व मंडल अध्यक्ष हिम्मत सिंह तवर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण वर्ग न केवल कार्यकर्ताओं के वैचारिक प्रबोधन का माध्यम बना, बल्कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों हेतु संगठन को नई ऊर्जा और आधुनिक प्रबंधन की शक्ति से सुसज्जित कर संपन्न हुआ।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
