उदयपुर। मावली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पत्नी की सिर पर पत्थर मारकर हत्या करने वाले आरोपी पति को अदालत ने मृत्युदंड की सजा सुनाई है। अदालत ने इस मामले को “विरल से विरलतम” श्रेणी मानते हुए कठोरतम दंड दिया।

घटना पुलिस थाना घासा क्षेत्र के सिंधु के बीड़े की है, जहां एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। उसका सिर पत्थर से बुरी तरह कुचला हुआ था। शव की पहचान होने पर मृतका के पिता ने अपनी बेटी के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए घासा थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

अपर लोक अभियोजक दिनेश चंद्र पालीवाल ने अदालत में पक्ष रखते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष ने इस प्रकरण में कुल 23 गवाहों के बयान दर्ज करवाए, जबकि 34 दस्तावेज सबूत के रूप में प्रस्तुत किए गए। सभी प्रमाणों और गवाहियों के आधार पर मामला स्पष्ट रूप से साबित हो गया कि आरोपी ने ही अपनी पत्नी की निर्मम हत्या की थी।

विचारण पूर्ण होने के बाद एडीजे कोर्ट के न्यायाधीश राहुल चौधरी ने आरोपी को दोषी करार देते हुए कहा कि यह अपराध समाज के लिए अत्यंत भयावह है और इसके लिए सबसे कठोर दंड दिया जाना आवश्यक है। अदालत ने आरोपी को मृत्युदंड तथा पचास हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया।

इस निर्णय को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जिसे लोग न्याय व्यवस्था की सख्ती और संवेदनशील मामलों में न्यायालय की दृढ़ भूमिका के रूप में देख रहे हैं। यह फैसला महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर एक कड़ा संदेश देता है कि ऐसे जघन्य अपराधों के लिए कोई नरमी संभव नहीं।

Updated On
Bhupesh Prajapat (Udaipur)

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

नाम: भूपेश प्रजापत

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)

परिचय 

भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।

Next Story