भींडर। स्थानीय निकाय चुनावों की सरगर्मियों के बीच वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक दावा किया है। भटेवर स्थित देवगढ़ रिसोर्ट में जिला कांग्रेस कमेटी उदयपुर देहात एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी वल्लभनगर-भींडर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में भींडर के व्यवसायी राजेश आमेटा ने 101 से अधिक समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। आमेटा के कांग्रेस में शामिल होने को निकाय चुनाव से पहले क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

राजेश आमेटा पूर्व में लंबे समय तक जनता सेना एवं भाजपा से जुड़े रहे हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने यह निर्णय लिया है। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों के कांग्रेस से जुड़ने से क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलेगी और सभी मिलकर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत ने की। उन्होंने राजेश आमेटा सहित कांग्रेस में शामिल हुए सभी समर्थकों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को लेकर एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एआईसीसी प्रभारी दिनेश खोडनिया, देहात जिला प्रभारी हरीश चौधरी, जिला सह प्रभारी डिम्पल राठौड़ एवं विधानसभा प्रभारी आशीष हल्दीनिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इनके अलावा जिला उपाध्यक्ष दिलीप जारौली व नवल सिंह, महासचिव भगवानलाल अहीर, जिला महासचिव श्यामलाल आमेटा, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष माधवलाल, वल्लभनगर ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रप्रकाश मेनारिया, भींडर ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज मीणा, महिला ब्लॉक अध्यक्ष संतोष डांगी, संगठन महामंत्री डालचंद नागदा तथा ढावा के पूर्व सरपंच सतनारायण आमेटा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

समारोह की शुरुआत में अतिथियों का मेवाड़ी परंपरा के अनुसार साफा, पगड़ी, उपरणा एवं पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य, पूर्व प्रधान, सरपंच, ब्लॉक व मंडल अध्यक्ष तथा कांग्रेस के अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में सिंहाड़ से रणजीत सिंह शक्तावत, पाटिया से भरत सिंह राठौड़, भींडर से प्रभात सोनी, विनोद चौबीसा, जगदीश चौबीसा, परमेश्वर आमेटा व धर्मेंद्र आमेटा, सुरों का गुड़ा से भेरा पटेल व मेघराज पटेल, बेमला से ईश्वर सिंह राठौड़, मेघाजी गमेती व रमेश सेन, नवल सिंह का गुड़ा से सुरेश मीणा, फीला से शंकर मीणा, नाड़ से रामलाल गायरी व पूरण गायरी, भल्लावतों का गुड़ा से चमन मीणा, परमदा से नानूराम मीणा, मेहंदी फला नाड़ से प्रेमाराम मीणा तथा बखत सिंह का गुड़ा से कैलाश मीणा सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता शामिल रहे।



कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष वालूराम गायरी, देवेंद्र सालवी, चंदू जोशी, दिनेश जनवा, संपत सुथार, सोहन मेनारिया, बंसीलाल चौबीसा, संगीता गांगावत, लक्ष्मीलाल लोहार, दूदराम दांगी, अशोक चौधरी सहित वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस एवं एनएसयूआई पदाधिकारी मौजूद रहे।

निकाय चुनाव से ठीक पहले राजेश आमेटा के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों के कांग्रेस में शामिल होने से भींडर-वल्लभनगर क्षेत्र में कांग्रेस के संगठनात्मक समीकरणों को नया बल मिलने की संभावना है। आमेटा के इस कदम को उनकी आगामी राजनीतिक सक्रियता और संभावित दावेदारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story