भिंडर। उपखंड अंतर्गत संचालित नागेश्वर ज्ञान विकास संस्थान द्वारा प्रबंधित श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ गौशाला की साधारण सभा की उच्च स्तरीय बैठक गौशाला प्रांगण में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के अनुपालन के साथ गौशाला की नवीन कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से पूर्ण कराने के लिए सेवानिवृत्त तहसीलदार योगेश कुमार जैन तथा रामेश्वर लाल व्यास ने चुनाव अधिकारी के रूप में मुख्य भूमिका का निर्वहन किया। इस संपूर्ण चुनावी बैठक की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष मानमल मेहता द्वारा गरिमापूर्ण तरीके से की गई।

संस्थान के संस्थापक सचिव श्याम चौबीसा ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत होकर भरत कुमार जारौली के सशक्त नेतृत्व में विगत समय से कार्य कर रही वर्तमान कार्यकारिणी को ही आगामी कार्यकाल के लिए नियमित रखने का सर्वसम्मति से पुरजोर अनुमोदन किया। गौशाला के विकास को नए और ऐतिहासिक आयामों तक पहुंचाने में अपनी मुख्य भूमिका निभाने वाले बड़ौदा निवासी रत्नांग भाई शाह को संगठन में कार्यकारी अध्यक्ष एवं संत मिलन प्रमुख की अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की गई।

इसके साथ ही कार्यकारिणी के सुचारू संचालन के लिए देवराम व्यास बांसड़ा को कार्यकारी अध्यक्ष (गौशाला) तथा प्रेम शंकर रामावत मेनार को कार्यकारी अध्यक्ष (संस्थान) के पद पर नियुक्त किया गया। अन्य प्रमुख पदाधिकारियों में महामंत्री पद पर रमेश चंद्र सांगावत वकील मेनार, कोषाध्यक्ष पद पर विमल प्रसाद लिखमावत जैन भिंडर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर पारस मल मारू खेरोदा, मदन लाल चौबीसा उदयपुर, दूल्हे सिंह राठौड़ भीमका खेड़ा एवं रमेश चंद्र पगारिया मुंबई को चुना गया। उपाध्यक्ष पद का दायित्व नारायण लाल दियावत मेनार, गोवर्धन सिंह शक्तावत, कृष्ण गोपाल मुंदरा भिंडर व गोपाल कृष्ण चौबीसा भिंडर खेरोदा को सौंपा गया। संगठन मंत्री के रूप में जगदीश चंद्र मेनारिया मेनार, शुभम कुमार मारू उदयपुर, भीमराज मेनारिया बाठेरा, हीरा लाल मेनारिया तथा भगवान लाल शर्मा केदारिया को जिम्मेदारी दी गई। सह मंत्री पद पर राजेश कुमार गर्ग बड़गांव एवं राजेश कुमार मेनारिया बांसड़ा का चयन हुआ। प्रचार मंत्री के रूप में प्रकाश चौबीसा हमीरपुरा, प्रेम शंकर पुष्करणा इंटाली, खुमान डांगी नारायण पूरा तथा हेमंत सोनी बंबोरा को नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त सदस्य के रूप में नारायण लाल डांगी, हीरा लाल व्यास बांसड़ा, अशोक सिंह चौहान, नलपत सिंह सहित कुल 9 सदस्यों की चुनावी प्रक्रिया को विधिवत पूरा किया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष भरत कुमार जारोली ने सभी सदस्यों की सहमति से विगत वर्षों में संस्थान के प्रकल्प गौशाला को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले प्रबुद्ध जनों को संरक्षक एवं मार्गदर्शक मंडल में मनोनीत किया। मनोनीत संरक्षकों में संत नारायण दास महाराज, कृष्ण किंकर महाराज, ईश्वर दास महाराज, रामेश्वर लाल व्यास, योगेंद्र कुमार जैन, कमल कुमार खुर्दिया, महेश कुमार उपाध्याय, मनोहर लाल उपाध्याय, सुख लाल साहू, भंवर लाल डी बोहरा, ओमप्रकाश लोढ़ा, दिनेश कुमार बेताला, हरीश बेतला एवं ऊंकार लाल ठाकरोत शामिल हैं। वहीं मार्गदर्शक मंडल में मोहन लाल डांगी, दिनेश कुमार सोनी, भगवती लाल पनडिया, महावीर कुमार नागौरी, मुकेश कुमार कोठारी भिंडर, चंद्र शेखर चौबीसा, बिहारी लाल लखावत, मांगी लाल साहू तथा वैद्य पुष्कर चौबीसा आदि वरिष्ठ जनों को मनोनीत किया गया।

नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम शंकर रामावत ने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर एक बेहद सराहनीय और अनूठी पहल की गई, जिसके अंतर्गत नवनिर्वाचित अध्यक्ष भरत जारोली का जन्म दिवस गौशाला प्रांगण में उपस्थित सभी पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति के बीच पूर्ण श्रद्धाभाव से गोपूजन कर अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story