गजेन्द्र सिंह शक्तावत की स्मृति में 617 प्रतिभाओं का सम्मान, पांच वर्षों से जारी आयोजन
भीण्डर में गजेन्द्र सिंह शक्तावत की स्मृति में पांचवां प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। गज गुलाब सेवा ट्रस्ट ने 617 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के साथ पत्रकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पत्रकारों का भी सम्मान किया।

तस्वीर में भीण्डर के समारोह में मेधावी छात्रा को अतिथि द्वारा स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र प्रदान किया जा रहा है।
भीण्डर के कृषि मंडी परिसर में सोमवार को गज गुलाब सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में कीर्तिशेष गजेन्द्र सिंह शक्तावत की स्मृति में पांचवां प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 617 छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र और उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। यह आयोजन पिछले पांच वर्षों से लगातार किया जा रहा है।
समारोह के दौरान ट्रस्ट की ओर से विधानसभा क्षेत्र में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पत्रकारों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कराटे एवं किंग बॉक्सिंग के गोल्ड मेडलिस्ट अतुल दक रहे।
ट्रस्ट अध्यक्ष विंध्यराज सिंह शक्तावत ने प्रतिभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान किसी राजनीति से जुड़ा कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों को आगे बढ़ाने और उनका हौसला बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
पूर्व विधायक प्रीति गजेन्द्र सिंह शक्तावत ने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह का यह मंच विद्यार्थियों के लिए है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित होने वाले बच्चों में से ही कोई डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, प्रशासनिक अधिकारी या अन्य क्षेत्र में देश-समाज का नाम रोशन करेगा।
विशिष्ट अतिथि देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने कहा, “आज कीर्ति शेष गजेन्द्र सिंह शक्तावत की स्मृति में आयोजित इस प्रतिभा सम्मान समारोह में आप सभी के बीच उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। 617 प्रतिभाओं का सम्मान वास्तव में पूरे वल्लभनगर क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।”
उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता उनकी मेहनत, माता-पिता के संस्कार और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज का यह सम्मान उनकी मंजिल नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा है।
रघुवीर सिंह मीणा ने विद्यार्थियों से कहा कि वे जीवन में चाहे जिस क्षेत्र को चुनें, ईमानदारी, मेहनत और अनुशासन को अपना साथी बनाएं तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने गज गुलाब सेवा ट्रस्ट द्वारा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयास को सराहनीय बताया।
पीसीसी महासचिव लाल सिंह झाला ने कहा, “प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित होने वाले सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। प्रतिभा किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। मैं सभी अभिभावकों, आयोजकों और समाजजनों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देता हूं। आप सभी इसी तरह नई पीढ़ी को शिक्षा, संस्कार और सफलता के लिए प्रेरित करते रहें।”
समारोह में देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा, पीसीसी महासचिव लाल सिंह झाला, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष माधवलाल अहीर, देहात उपाध्यक्ष दिलीप जारोली, देहात महासचिव भगवान लाल अहीर, ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज मीणा, चन्द्र प्रकाश मेनारिया, मंडल अध्यक्ष वालू राम गायरी, देवेंद्र सालवी, चंदू जोशी, दिनेश जनवा, संपत सुथार, भंवर सिंह शक्तावत, पार्षद लता चौबीसा, अब्दुल कादिर, गोपाल चौबीसा, सलीम मोहम्मद, एससी ब्लॉक अध्यक्ष बगदी लाल मेघवाल, एससी वल्लभनगर ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश कुमार मेघवाल, सोहन मेनारिया, बंसी लाल चौबीसा, संगीता गांगावत, लक्ष्मी लाल लोहार, बंसी लाल गुर्जर, पंचायत समिति सदस्य नारायण गुर्जर, वल्लभनगर संगठन महामंत्री डाल चंद नागदा, भेरू लाल अहीर, दूदा राम दांगी, अमर चंद रावत और नानू राम गाडरी, अशोक चौधरी सहित विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस एवं एनएसयूआई पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।

Budhi prakash parashar (Udaipur)
नाम: बुद्धि प्रकाश पाराशर
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: कस्बा खेरोदा (तहसील: भींडर, जिला: उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समाचार
परिचय
बुद्धि प्रकाश पाराशर राजस्थान के उदयपुर जिले के खेरोदा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से कस्बा खेरोदा, भींडर तहसील और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों को कवर करते हैं। उनके कार्यक्षेत्र में स्थानीय राजनीति, कानून-व्यवस्था (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और जनहित से जुड़े सभी मुख्य विषय शामिल हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
बुद्धि प्रकाश पाराशर जी को मीडिया क्षेत्र में 30 साल का लंबा और व्यापक अनुभव है:
- वह साल 2000 से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं।
- उन्हें 'राजस्थान पत्रिका' के साथ भी काम करने का लंबा अनुभव रहा है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा स्नातक (Graduate) स्तर तक पूरी की है।
