भीलवाड़ा (प्रात:काल संवाददाता)। राजस्थान के भीलवाड़ा शहर के नेहरू विहार क्षेत्र में युवक रवि उर्फ पीरू की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। शहर में व्याप्त भारी दहशत और आक्रोश के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के मुख्य आरोपी दिलीप भाटी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। शनिवार रात सरेआम हुई इस जघन्य हत्या के बाद आरोपी दिलीप सिंह भाटी इलाके से रफूचक्कर होने की फिराक में था, किंतु कोतवाली थाना प्रभारी शिवराज गुर्जर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर रविवार शाम को उसे दबोच लिया। कावाखेड़ा निवासी और वर्तमान में पंचवटी में रह रहा आरोपी दिलीप सिंह पुत्र प्रेम सिंह भाटी पेशे से फोटोग्राफर है, जिसने प्रारंभिक पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

पुलिसिया तफ्तीश और पूछताछ में हत्या की वजह 'खुन्नस' और एक महिला को लेकर चल रहा पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस अब इस बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले से ही घातक चाकू लेकर रवि की ताक में बैठा था। साथ ही वारदात के समय दिलीप के साथ किसी अन्य सहयोगी की संलिप्तता की भी तस्दीक की जा रही है। गौरतलब है कि सोमवार सुबह जब रवि का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ले जाया गया, तो वहां वाल्मीकि समाज के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। समाज के आक्रोशित लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। माहौल की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से समझाइश की और सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजन शव लेने को राजी हुए।

आगामी प्रक्रिया के तहत पुलिस आरोपी दिलीप भाटी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड अवधि के दौरान हत्या में प्रयुक्त हथियार (चाकू) की बरामदगी की जाएगी और घटनास्थल पर 'सीन रिक्रिएशन' की कार्रवाई को अंजाम दिया जा सकता है। पुलिस इस हत्याकांड की हर कड़ी को जोड़कर विवाद की असली जड़ और उस महिला से जुड़ी रंजिश की कहानी का पूर्ण खुलासा करने में जुटी है। इस त्वरित गिरफ्तारी के बाद जहां पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली है, वहीं शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story