उदयपुर जिले के भटेवर गांव को पेरा-फेरी क्षेत्र से बाहर करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विधायक उदयलाल डांगी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विधायक ने मौके पर ही महिला स्नानघर निर्माण के लिए 3 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर दी।

विधायक निवास पर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि भटेवर ग्राम के पेरा-फेरी क्षेत्र में आने के कारण जमीन से जुड़े कार्यों तथा पट्टे जारी करने जैसी प्रक्रियाओं में आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेरा-फेरी क्षेत्र लागू होने के बाद विकास कार्यों और निजी निर्माण गतिविधियों में तकनीकी अड़चनें सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों को लंबे समय से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विधायक से गांव को पेरा-फेरी क्षेत्र से बाहर करने की पुरजोर मांग की, ताकि जमीन संबंधी प्रक्रियाओं में राहत मिल सके और विकास कार्यों को गति मिल पाए।

ग्रामीणों ने मुलाकात के दौरान एक अन्य गंभीर समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि गांव में सार्वजनिक महिला स्नानघर की व्यवस्था नहीं होने के कारण विशेषकर किसी गमी यानी मृत्यु होने की स्थिति में महिलाओं को खुले में स्नान करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इस स्थिति से महिलाओं को सामाजिक असहजता और भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक उदयलाल डांगी ने तत्काल समाधान का निर्णय लिया। उन्होंने मौके पर ही 3 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करते हुए गांव में शीघ्र महिला स्नानघर निर्माण कराने की घोषणा की। साथ ही विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि भटेवर को पेरा-फेरी क्षेत्र से बाहर करने की मांग को लेकर उच्च स्तर पर वार्ता कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान गांव के प्रबुद्धजनो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विधायक के त्वरित निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे गांव की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल होगी।

Updated On
Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story