भटेवर के मालिया वाला श्याम हनुमान मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, अखंड रामायण पाठ संपन्न
वल्लभनगर के भटेवर में 36 वर्षों की परंपरा निभाते हुए सेवा समिति ने अमावस्या पर अखंड रामायण पाठ, हवन और विशेष आंगी श्रृंगार का आयोजन किया।

भटेवर के सुप्रसिद्ध मालिया वाला श्याम हनुमान मंदिर में अमावस्या के अवसर पर आयोजित अखंड रामायण पाठ के समापन पर आरती करते पुजारी और उपस्थित श्रद्धालु।
भटेवर। वल्लभनगर उपखंड क्षेत्र के भटेवर कस्बे में स्थित प्रसिद्ध मालिया वाला श्याम हनुमान मंदिर में दर्शन को लेकर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अमावस्या के पावन अवसर पर मंदिर में दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां भक्तों ने हनुमानजी के दरबार में शीश नवाकर क्षेत्र में खुशहाली की मंगल कामनाएं कीं।
अखंड रामायण पाठ एवं सेवा समिति का योगदान
सेवा समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में अखंड रामायण पाठ को श्रद्धापूर्वक सम्पूर्ण किया गया। इस दौरान सेवा समिति के मंगनी राम नागदा, चुन्नीलाल जणवा, भंवर लाल जणवा, हुक्मी चन्द्र सुथार, जगदीश खारोल, रोशन प्रजापत, डालचंद्र प्रजापत, नरेश आमेटा, गणेश लोहार, बाबरमल पुष्करणा, पालेश सुथार, हीरालाल लोहार, किशन खारोल, पूरण धाकड़ एवं मीठालाल जणवा सहित अन्य श्रद्धालुओं द्वारा अखंड रामायण पाठ का वाचन किया गया। मालिया वाला श्याम सेवा समिति द्वारा करीबन 36 सालों से प्रतिमाह मन्दिर में अखंड रामायण के साथ अन्य धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं विशेष श्रृंगार
रामायण पाठ के संपूर्ण होने पर पंडित ओमप्रकाश औदीच्य के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन अनुष्ठान का आयोजन हुआ। इस अनुष्ठान में लक्ष्मीलाल सुथार एवं अभिषेक सुथार ने मुख्य यजमान के रूप में आहुतियां अर्पित करते हुए जनकल्याण की कामनाएं कीं। पुजारी भेरुदास वैष्णव द्वारा विशेष पूजा-अर्चना एवं आकर्षक श्रृंगार धारण करवाकर आरती की गई, वहीं समिति के गोपाल सोनी द्वारा हनुमानजी को आकर्षक आंगी धारण करवाई गई।
महाप्रसाद वितरण एवं जन आस्था
धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति पर हनुमानजी को फल-फ्रूट व चूरमे का भोग लगाया गया, जिसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया। आस्था के इस संगम में संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय नजर आया और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ सभी कार्यक्रमों में भाग लिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
