26 वर्षों का इंतजार खत्म: भाणदा में ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान पशु चिकित्सालय भवन हेतु भूमि पट्टा जारी, निर्माण का रास्ता साफ
खेरवाड़ा के भाणदा गांव में 26 वर्षों से लंबित राजकीय पशु चिकित्सालय भवन भूमि आवंटन का मामला ग्रामीण सेवा शिविर में सुलझा। पट्टा जारी होते ही निर्माण का रास्ता खुल गया और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।

भाणदा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान विकास अधिकारी मदन लाल लोहार और सरपंच भरत गरासिया (बाएं से दाएं) अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में राजकीय पशु चिकित्सालय भवन निर्माण हेतु आवंटित भूमि का पट्टा सौंपते हुए।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत ग्राम पंचायत भाणदा में उस समय बड़ी प्रशासनिक सफलता दर्ज की गई, जब वर्ष 2000 से लंबित राजकीय पशु चिकित्सालय उपकेंद्र के भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण कर दी गई। उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में 26 वर्षों से अटके प्रकरण का निस्तारण करते हुए भवन निर्माण के लिए विधिवत पट्टा जारी किया गया।
शिविर के दौरान राजस्व एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए ग्राम भाणदा की बिलानाम गैर काबिल भूमि की आराजी संख्या 369 को राजकीय पशु चिकित्सालय उपकेंद्र भाणदा के नाम दर्ज करवाया। इस लंबे समय से लंबित भूमि आवंटन के निस्तारण के साथ ही चिकित्सालय भवन निर्माण की राह अब पूरी तरह प्रशस्त हो गई है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2000 में राजकीय पशु चिकित्सालय उपकेंद्र की स्वीकृति तो प्रदान कर दी गई थी, लेकिन भूमि आवंटन नहीं होने के कारण भवन निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ था। इसी कारण स्थानीय स्तर पर पशुपालकों को वर्षों तक अपेक्षित सुविधाओं से वंचित रहना पड़ा। ग्रामीण सेवा शिविर में प्रशासन की सक्रिय पहल के चलते इस जटिल समस्या का समाधान संभव हो सका।
इस अवसर पर शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी मदन लाल लोहार, ग्राम पंचायत सरपंच भरत गरासिया सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पट्टा जारी होने की प्रक्रिया पूरी होते ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों ने इस निर्णय को क्षेत्र के पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं शिविर में कार्यरत अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अब भूमि आवंटन की बाधा समाप्त होने के साथ ही राजकीय पशु चिकित्सालय भवन निर्माण कार्य शुरू होने का मार्ग पूरी तरह से खुल गया है, जिससे क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
