उदयपुर। भींडर नगर के भैरव राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। समारोह में शिक्षा क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले भामाशाहों का पुष्पमालाओं और शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में संस्था प्रधान हीरालाल कुमावत ने अतिथियों एवं भामाशाहों का स्वागत किया और विद्यालय के विकास में उनके अमूल्य योगदान को प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र चौबीसा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी निर्मल सिंघवी (उदयपुर) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल छाजेड़, सतीस कंठालिया, मांगीलाल साहू, प्रकाश वया, सुरेश कंठालिया, किशनलाल चौबीसा, जगदीश शर्मा, गोपीकृष्ण आमेटा, पंकज वया, दिनेश चौबीसा, कैलाश शर्मा, दशरथ आमेटा, श्यामलाल वया और इंदु नागदा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान एमजोल इंडिया लिमिटेड एवं रोटरी क्लब उदयपुर द्वारा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों को कुल 8 लाख रुपये मूल्य का फर्नीचर भेंट किए जाने पर विशेष सम्मान किया गया। भामाशाहों ने विद्यालय को 200 नई कुर्सियाँ भेंट करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा कर शिक्षा वातावरण को और अधिक सुरक्षित एवं सुसज्जित बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि निर्मल सिंघवी ने कहा कि समाज और उद्योग जगत का सहयोग शिक्षा के उत्थान का आधार है। उन्होंने भामाशाहों की भावना को समाजसेवा का प्रेरक उदाहरण बताया। अध्यक्ष राजेन्द्र चौबीसा ने भी कहा कि ऐसे आयोजनों से शिक्षा के प्रति जनचेतना और विद्यालयों के प्रति अपनत्व की भावना बढ़ती है।

समारोह के समापन पर आभार प्रदर्शन संस्था प्रधान हीरालाल कुमावत ने किया। पूरे कार्यक्रम का संचालन सौहार्द और उत्साह के वातावरण में हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा विकास में उनके सतत सहयोग की सराहना की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story