बावलवाड़ा थानाधिकारी गणपत सिंह को भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट सेवाओं को सराहा; पुलिस बल की कमी पर ग्रामीणों ने जताई चिंता
बावलवाड़ा पुलिस थानाधिकारी गणपत सिंह के राजसमंद जिले के कुंवारियां थाना में स्थानांतरण पर आयोजित विदाई समारोह में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने उनके कार्यकाल की सराहना की। वहीं, पांच अन्य पुलिसकर्मियों के तबादले के बाद पुलिस बल की कमी को लेकर ग्रामीणों ने चिंता भी जताई।

बावलवाड़ा पुलिस थाना परिसर में विदाई समारोह के दौरान थानाधिकारी गणपत सिंह और उपस्थित ग्रामीण व जनप्रतिनिधि।
उदयपुर जिले के खेरवाड़ा उपखंड स्थित बावलवाड़ा पुलिस थाने के थानाधिकारी गणपत सिंह के राजसमंद जिले के कुंवारियां थाना में स्थानांतरण होने पर मंगलवार को पुलिस थाना परिसर में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए आत्मीय विदाई दी।
भाजपा मंडल महामंत्री भावेश उपाध्याय ने बताया कि थानाधिकारी गणपत सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं निष्पक्ष कार्यशैली से क्षेत्रवासियों का विश्वास जीता। उनके सम्मान में लोगों ने श्रीफल एवं उपरणा भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में बावलवाड़ा क्षेत्र के अलावा उनके पूर्व पदस्थापन स्थल पहाड़ा थाना क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला संयोजक प्रकोष्ठ जयदीप जैन ने किया। उन्होंने कहा कि नियमानुसार एक ही जिले में चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के कारण गणपत सिंह का स्थानांतरण किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रही तथा अपराधियों में कानून का भय बना रहा।
समारोह को पूर्व प्रधान सुंदर लाल असारी एवं पूर्व सरपंच अनिल डोडा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने थानाधिकारी गणपत सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा क्षेत्र में भविष्य में भी ऐसी ही मजबूत कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि थानाधिकारी सहित पांच अन्य पुलिसकर्मियों का भी स्थानांतरण हुआ है, जबकि अभी तक उनके स्थान पर नए पुलिसकर्मियों की नियुक्ति नहीं हुई है। इसे लेकर ग्रामीणों ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने गणपत सिंह की सेवाओं को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। समारोह में मंचासीन अतिथि भी उपस्थित रहे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
