बावलवाड़ा थाना स्टाफ संकट से जूझ रहा, 18 ग्राम पंचायतों की सुरक्षा महज 23 पुलिसकर्मियों के भरोसे
खेरवाड़ा के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र में 51 पद रिक्त होने से 18 ग्राम पंचायतों की सुरक्षा महज 23 पुलिसकर्मियों पर निर्भर है, जिससे कानून व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है।

खेरवाड़ा तहसील के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस बल की भारी कमी के कारण कानून व्यवस्था बनाए रखना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। थाना और इसके अधीन संचालित चार पुलिस चौकियों में कुल 51 स्वीकृत पद रिक्त होने से करीब 18 ग्राम पंचायतों की 50 हजार से अधिक आबादी की सुरक्षा का जिम्मा महज 23 पुलिसकर्मियों के भरोसे है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बावलवाड़ा थाना क्षेत्र में बावलवाड़ा कस्बे से लेकर मगरा क्षेत्र और भाणदा तक फैली 18 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। पहाड़ी और वन क्षेत्र होने के कारण कई गांवों तक पहुंचने के लिए पुलिस को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में सीमित पुलिस बल के चलते नियमित गश्त, रात्रि गश्त, अपराध नियंत्रण और आपात स्थिति में त्वरित पुलिस पहुंच प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार थाने में सबसे अधिक कमी कांस्टेबलों की है। 31 स्वीकृत कांस्टेबल पदों में केवल 12 कांस्टेबल कार्यरत हैं, जबकि 19 पद रिक्त हैं। इसके अलावा 5 हेड कांस्टेबल के स्वीकृत पदों में 1 पद रिक्त है। वहीं थाना और चारों पुलिस चौकियों को मिलाकर कुल 28 पद खाली पड़े हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।
स्थिति यह भी है कि क्षेत्र में स्वीकृत तीन नई पुलिस चौकियां आज भी अस्थायी कमरों से संचालित हो रही हैं। पर्याप्त स्टाफ और संसाधनों के अभाव में पुलिस को विस्तृत क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस विभाग और राज्य सरकार से बावलवाड़ा थाना तथा अधीनस्थ पुलिस चौकियों में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करने और नई चौकियों के लिए स्थायी भवन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
