बावलवाड़ा के ठाकुर जी मंदिर में पाटोत्सव, शिखर पर नई ध्वजा चढ़ाई गई
धार्मिक अनुष्ठान के शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में नई ध्वजा अर्पित की गई, बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

बावलवाड़ा कस्बे के ठाकुर जी मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पाटोत्सव श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मंदिर के शिखर पर नई ध्वजा चढ़ाई गई। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन किए तथा धर्म की विजय, अधर्म के विनाश और विश्व कल्याण की कामना की।
मंदिर के पुजारी गिरीश पानेरी ने बताया कि प्रातः 10:30 बजे शुभ मुहूर्त में धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुआ। इस दौरान गेबीलाल पानेरी ने मंदिर में नई ध्वजा अर्पित की। ध्वजा स्थापना के बाद ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच भगवान की आरती उतारी गई। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान गणेश पंचाल की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। पाटोत्सव में ओमप्रकाश कलाल, हरीश पंचाल, राजकुमार पंचाल, चंपालाल पंचाल, सुरेश लोहार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं महिलाओं ने भाग लिया। धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आस्था और सनातन परंपराओं के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा को एक बार फिर सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
