खेरवाड़ा उप तहसील क्षेत्र बावलवाड़ा के डाक बंगला परिसर में सर्व समाज की ओर से राखी मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे के साथ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न समाजों से आई महिलाओं द्वारा उपस्थित पुरुषों को राखी बांधकर की गई। समारोह में महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामाजिक एकता, आपसी भाईचारा मजबूत करने तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

आयोजन समिति सदस्य अश्विन दरंगा ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सर्व समाज को एक मंच पर आना होगा। उन्होंने युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक होने तथा आपसी सहयोग और भाईचारा मजबूत करने का आह्वान किया।

बावलवाड़ा थाना अधिकारी रामसिंह ने सामाजिक एकता को क्षेत्र की मजबूती बताते हुए कानून व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अमन-चैन की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए। प्रशासन और समाज के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

सालवी समाज के शंकरलाल सालवी ने जाति एवं समुदाय के बीच दूरी और आपसी मतभेदों को क्षेत्र की अशांति का कारण बताते हुए समाज के मुखियाओं एवं प्रबुद्धजनों से भाईचारा कायम रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता प्रवीण परमार ने लाड़ देश पट्टा क्षेत्र की सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास चुनौतियों पर विचार रखे। उन्होंने राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर सर्व समाज को एकजुट होने तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों और क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में हरिप्रकाश खराड़ी ने बावलवाड़ा उप तहसील क्षेत्र की प्रशासनिक एवं सरकारी व्यवस्थाओं को लेकर समाज के जिम्मेदार नागरिकों को गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने शिक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई।

समारोह को पूर्व सरपंच ढीकवास नानालाल भगोरा, उपसरपंच बरोठी भिलान संजय भगोरा, शैलेश भगोरा, भीम आर्मी अध्यक्ष दिलीप मेघवाल, कमलेश प्रजापत, हनुमान सिंह राजपूत, रामसिंह राजपूत, शांतिलाल अंसारी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्य दिलीप अंसारी, अंकुर भगोरा, अभिषेक करोवा, अनिल खोकरिया, मुकेश खोखरिया, ईश्वर आखीवाड़ा, नागेंद्र मोडिया, चेतन, राकेश, जगदीश, सिवराम, बिरबल बोदर, राधा अंसारी, जियांशी अंसारी, हिरी देवी एवं वाली देवी सहित आयोजन टीम मौजूद रही। कार्यक्रम का संचालन जीवतराम मोडिया ने किया।

समारोह में वक्ताओं ने एक स्वर में सर्व समाज की एकता कायम रखने, आपसी भाईचारा मजबूत करने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा बावलवाड़ा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story