श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज बरोठी ब्राह्मण एवं डेयावाड़ा की ओर से बरोठी ग्राम स्थित श्री लक्ष्मीनारायण ठाकुरजी मंदिर में अधिकमास ज्येष्ठ कालाष्टमी के अवसर पर सोमवार को पाटोत्सव समारोह श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

पाटोत्सव के अवसर पर भगवान लक्ष्मीनारायण का केसरिया वर्ण के अलौकिक वस्त्रों, मोतियों के हार तथा आकर्षक मुकुटों से विशेष श्रृंगार किया गया। प्रातःकाल त्रिमेस मातृशक्ति के नेतृत्व में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 200 से अधिक महिलाओं एवं बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

पाटोत्सव कार्यक्रम के मुख्य यजमान देवनारायण व्यास परिवार रहे, जिनके द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन सम्पन्न कराया गया। इससे पूर्व रविवार संध्या को ईशा पुत्री अनिल कुमार उपाध्याय की ओर से सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

दोपहर में महिलाओं एवं बहनों द्वारा भजनामृत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे, वहीं महिलाओं ने भक्ति रस में सराबोर होकर नृत्य प्रस्तुत कर आयोजन को और अधिक आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया।

पाटोत्सव पूजन के पश्चात आयोजित भंडारा महाप्रसादी में बरोठी ब्राह्मण, दैयावाड़ा एवं आसपास के गांवों सहित 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने सामाजिक एवं धार्मिक एकता का संदेश भी दिया।

सम्पूर्ण पाटोत्सव आयोजन देवनारायण व्यास परिवार के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में त्रिमेस बरोठी ब्राह्मण के अध्यक्ष अशोक कुमार व्यास, महामंत्री अनिल कुमार उपाध्याय, कोषाध्यक्ष बसंत कुमार व्यास सहित रमेश व्यास, भूपेंद्र एवं रामचन्द्र ने पधारे सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

अधिकमास ज्येष्ठ कालाष्टमी पर आयोजित यह पाटोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि क्षेत्रीय सामाजिक समरसता, सामूहिक सहभागिता और सनातन परंपराओं के संरक्षण का भी सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story