बड़ीसादड़ी में बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार; चार बाइक बरामद
बड़ीसादड़ी पुलिस ने बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और चार मोटरसाइकिल बरामद कीं। पूछताछ में बाइक चोरी, लूट, विद्युत तार और स्टार्टर चोरी की सात वारदातें सामने आईं।

तस्वीर में बड़ीसादड़ी थाने के पुलिसकर्मी बरामद की गई चार मोटरसाइकिलों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
बड़ीसादड़ी। पुलिस थाना बड़ीसादड़ी ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आधा दर्जन से अधिक वारदातों का खुलासा हुआ है। इनमें विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी, मोटरसाइकिल लूट, विद्युत लाइन के तार और पानी की मोटर का स्टार्टर चोरी करना शामिल है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 26 अगस्त 2026 को बड़ीसादड़ी थाने में आमीरामा निवासी शिवालाल पुष्करणा ने लिखित रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट के अनुसार 25 अगस्त 2026 को उन्होंने अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल शाम करीब 7 बजे घर के बाहर लॉक लगाकर खड़ी की थी। वहां पांच-सात अन्य मोटरसाइकिलें भी खड़ी थीं। इसके बाद वह घर के अंदर परिवारजनों के साथ सो गए। सुबह करीब चार-पांच बजे बाहर आकर देखा तो मोटरसाइकिल नहीं मिली। आसपास और गांव में तलाश करने के बावजूद उसका पता नहीं चला। रिपोर्ट में आशंका जताई गई कि रात के समय कोई अज्ञात बदमाश मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया।
रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिशचन्द्र सिंह के सुपरविजन में संपत्ति संबंधी अपराधों को ट्रेस आउट करने और त्वरित कार्रवाई के लिए थानाधिकारी बड़ीसादड़ी भगवान लाल के नेतृत्व में एएसआई हरिराम मय जाप्ते की टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आमीरामा, कस्बा बड़ीसादड़ी, छोटीसादड़ी रोड, करजु मोड़ और चित्तौड़गढ़ रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। आमीरामा से चोरी की गई मोटरसाइकिल की तलाश के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में शिवसिंह मीणा, गजेन्द्र कुमार मीणा, नरेश मीणा और सांवरिया सिंह मीणा द्वारा वारदात करना सामने आया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई बजाज प्लेटिना सहित चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने केवलपुरा गांव से करीब 10 दिन पूर्व रात के समय हीरो होंडा कंपनी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी की थी। डूंगला कस्बे से 4-5 दिन पूर्व रात के समय हीरो होंडा कंपनी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदात भी सामने आई है।
इसी तरह गांव नाहरपुरा, थाना कानोड़, जिला उदयपुर से करीब 10 दिन पूर्व रात के समय हीरो होंडा सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल चोरी की गई। कस्बा बड़ीसादड़ी में बिजली ऑफिस के पास से करीब 20 दिन पूर्व हीरो कंपनी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल लूटने की वारदात भी पूछताछ में सामने आई।
आरोपियों ने गांव पीलीखानिया पारसोली से करीब 25 दिन पूर्व पानी की मोटर का MEX स्टार डेल्टा कंपनी का स्टार्टर चोरी किया था। इसके अलावा पारसोली जाने वाली 33 KV विद्युत लाइन से करीब एक माह पूर्व बड़ीसादड़ी रेलवे पुलिया से लक्ष्मीपुरा रोड तक विद्युत खंभों से मेन लाइन के तार चोरी करने की वारदात भी सामने आई।
रघुनाथपुरा गांव में जाने वाली 11 KV विद्युत लाइन से करीब डेढ़ माह पूर्व रघुनाथपुरा के पास बिजली के खंभे से मेन लाइन के तार चोरी करने की वारदात भी आरोपियों ने करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी एक संगठित अपराध का गिरोह बनाकर रात के समय घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी किए गए वाहनों को गिरवी रखकर प्राप्त रुपयों से कमरा किराये पर लेते और शराब पार्टी व मौज-मस्ती करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवसिंह मीणा पिता निर्भयसिंह मीणा निवासी शिवपुरा, पुलिस थाना बड़ीसादड़ी, गजेन्द्र कुमार मीणा पिता उदयलाल मीणा निवासी पण्डेडा, पुलिस थाना बड़ीसादड़ी, नरेश मीणा पिता शंकरसिंह मीणा निवासी बोरूण्डी, पुलिस थाना बड़ीसादड़ी तथा सांवरिया सिंह मीणा पिता भैरूसिंह रावत मीणा निवासी शिवपुरा, पुलिस थाना बड़ीसादड़ी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नरेश मीणा के विरुद्ध पूर्व में चोरी के दो प्रकरण दर्ज होकर जैर ट्रायल हैं। बड़ीसादड़ी पुलिस की कार्रवाई में चार मोटरसाइकिलों की बरामदगी के साथ मोटरसाइकिल चोरी, लूट, विद्युत तार और पानी की मोटर के स्टार्टर चोरी से जुड़ी सात वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी है।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
