बड़ी सादड़ी (प्रात:काल संवाददाता)। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भविष्य की पीढ़ी को सुरक्षित करने के उद्देश्य से उप जिला चिकित्सालय बड़ी सादड़ी में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान के तहत 13 बालिकाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया। इस विशेष अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निकुंभ की 2, सीएचसी बोहेड़ा की 6 तथा अन्य 5 बालिकाओं को सुरक्षा का टीका लगाया गया। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीसीएमओ) डॉ. भावेश चंपावत ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस चरण में राजकीय सीनियर सेकंडरी विद्यालय जरखाना, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अमीरामा एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पिंड की बालिकाओं को सम्मिलित कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।

इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्रीमती सुनीता गुर्जर, सीमा गोदारा, संगीता मीणा, जसोदा गुर्जर, सीमा प्रजापति, माया स्वर्णकार, संध्या राठौर, सपना कुमारी, कविता, नर्सिंग ऑफिसर पूजा सेन, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी उमा कुमारी मेनारिया तथा वेरीफायर के रूप में नर्सिंग ऑफिसर श्री पवन जायसवाल एवं विष्णु चौहान ने सक्रिय योगदान दिया। टीकाकरण प्रक्रिया के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवीलाल मीणा स्वयं उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण किया। क्षेत्र में सोमवार को विशेष सक्रियता दिखाते हुए चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने समस्त राजकीय एवं निजी सीनियर सेकंडरी विद्यालयों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण के प्रति न केवल प्रोत्साहित किया, बल्कि इस टीके की महत्ता और बीमारी से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की।

उल्लेखनीय है कि निजी चिकित्सा संस्थानों में एचपीवी टीके की बाजार दर 4 से 6 हजार रुपये के मध्य है, जिसे राज्य सरकार द्वारा जनहित में पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार की इस संवेदनशील पहल और चिकित्सा विभाग की जमीनी सक्रियता से क्षेत्र की बालिकाओं को जानलेवा बीमारी से बचाव का एक सुलभ मार्ग प्रशस्त हुआ है, जो भविष्य में महिला स्वास्थ्य की दिशा में एक निर्णायक कदम सिद्ध होगा।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story