खेरवाड़ा के विद्या निकेतन विद्यालय में खेल दिवस का उत्साह, 379 विद्यार्थियों ने लिया भाग
खेरवाड़ा के विद्या निकेतन विद्यालय में खेल दिवस पर 379 विद्यार्थियों ने कबड्डी, खो-खो सहित कई प्रतियोगिताओं में लिया भाग, जानें पूरी रिपोर्ट।

तस्वीर में स्कूली बच्चे मैदान में कतारबद्ध खड़े होकर अपना दाहिना हाथ आगे बढ़ाकर शपथ लेते दिख रहे हैं।
खेरवाड़ा स्थित विद्या निकेतन विद्यालय में शनिवार को विद्यालय स्तर पर खेल दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य नवनीत श्रीमाली ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के समक्ष वंदना के साथ किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य नवनीत श्रीमाली ने कहा कि खेलों से बच्चों का शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने खेलों के नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि विद्या भारती की योजना के तहत विद्यालय स्तर से लेकर अखिल भारतीय स्तर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।
खेल प्रभारी बंसीलाल मेघवाल ने प्रतियोगिताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। शांति मंत्र एवं राष्ट्रगान के बाद मैदान में सभी विद्यार्थियों को खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ दिलाई गई। इसके बाद कबड्डी, खो-खो, 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, तश्तरी फेंक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए कुर्सी रेस एवं बॉल संबंधी खेल भी आयोजित किए गए।
प्रतियोगिताओं के संचालन में मुकेश भराडा, जगदीश मीणा, संगीता, निशा व्यास, हंसा परमार, कृष्ण मीणा एवं विमल मीणा ने सहयोग किया। प्रतियोगिताओं में दोनों विद्यालयों के 379 भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयनित टीमें अगस्त माह में आयोजित होने वाली संकुल स्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार हरीश जैन ने व्यक्त किया। अंत में वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ खेल दिवस का समापन हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में खेल भावना एवं अनुशासन के महत्व को रेखांकित किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
