बांसवाड़ा: 25 हजार का इनामी बदमाश दशरथ बंगाली गिरफ्तार, पुलिस ने भेष बदलकर पकड़ा
अफीम तस्करी के मामले में फरार चल रहा आरोपी दशरथ बंगाली बांसवाड़ा में किराना दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों का धंधा कर रहा था जिसे एएनटीएफ ने ट्रैप किया।

उदयपुर। एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने उदयपुर रेंज के 25 हजार के इनामी अपराधी को बांसवाड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी गुजरात में फरारी काटने वाला इनामी बदमाश बांसवाड़ा में किराना की दुकान चला रहा था।
भेष बदलकर पहुंची टास्क फोर्स की टीम
एनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि "दशरथ उर्फ दशरथ बंगाली पुत्र कारूलाल निवासी प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया है।" वह बांसवाड़ा के गावड़ी गांव में किराए से किराना की दुकान चला रहा था और वहीं पर गुप्त रूप से अवैध रूप से नशे का धंधा कर रहा था। एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स टीम सोलर प्लांट कर्मचारी बनकर उसकी दुकान पर पहुंची और रैकी करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस को छकाकर काट रहा था फरारी
पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने मध्यप्रदेश और गुजरात में फरारी काटी। वर्ष 2024 में आरोपी दशरथ ने तस्कर श्यामलाल को अफीम सप्लाई की थी, जिसमें श्यामलाल पकड़ा गया, लेकिन दशरथ फरार हो गया था। दशरथ आसपास के जंगलों में छिपता रहा और आरोपी ने एमपी और गुजरात में कभी पेंट की दुकान पर मजदूरी की तो कभी सब्जी मंडियों में हमाली का काम किया। इसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट में 1-1 मामले दर्ज हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
