वनरक्षक 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, पट्टा फाइल आगे बढ़ाने की एवज में मांगी थी रकम
बांसवाड़ा में एसीबी ने वन नाका तलवाड़ा के वनरक्षक भूपेश पाटीदार को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पट्टा फाइल आगे बढ़ाने के लिए 6 हजार रुपये मांगे गए थे।

तस्वीर में बांसवाड़ा में एसीबी की कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया आरोपी वनरक्षक अन्य लोगों के साथ एक कमरे में खड़ा नजर आ रहा है.
बांसवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए वन नाका तलवाड़ा, वन रेंज गढ़ी, जिला बांसवाड़ा में तैनात वनरक्षक भूपेश पाटीदार को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर बांसवाड़ा इकाई ने की।
एसीबी को प्राप्त शिकायत के अनुसार परिवादी वन विभाग की वन भूमि पर काफी समय से काबिज होकर कृषि कार्य कर रहा था। उक्त भूमि के संबंध में वन पट्टा जारी करने के लिए सत्यापन कर पत्रावली तैयार कर आगे भेजी जा रही थी। आरोप है कि पट्टा पत्रावली को आगे बढ़ाने और फाइल देने की एवज में वनरक्षक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी वनरक्षक ने पट्टा फाइल आगे बढ़ाने की एवज में 6 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। परिवादी के निवेदन पर 5 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी। इसके बाद एसीबी बांसवाड़ा इकाई के पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने ट्रेप कार्रवाई की। टीम ने आरोपी भूपेश पाटीदार को परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत राशि अपने हाथों से लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ तथा आगे की कार्रवाई जारी है। आरोपी के निवास की तलाशी भी ली जा रही है।
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा। एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहयोग करने की अपील की है। एसीबी के अनुसार भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1064 एवं व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
