निकटवर्ती श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ गौशाला बांसड़ा में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की गौ नवरात्रि के अंतर्गत गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन हवन, शांति यज्ञ और गोपूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, पशुपालन विभाग के अधिकारियों और गोभक्तों ने भाग लिया। संस्थापक चौबीसा ने पय व्रत किया।

गौशाला अध्यक्ष भरत कुमार जारौली ने बताया कि संस्थान की ओर से पिछले 15 वर्षों से प्रतिवर्ष गौ नवरात्रि का आयोजन किया जा रहा है। जगत के कल्याण की भावना से आयोजित कार्यक्रम में शांति यज्ञ किया गया। हवन शांति पंडित रमेश चंद्र चौबीसा ने संपन्न करवाई।

कार्यक्रम में अवध स्नेही परिवार उदयपुर के सीताराम महाराज आशीर्वाददाता रहे। राठौड़ का गुड़ा सिहाड़ के महंत ईश्वर दास महाराज की भी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि पशुपालन विभाग उदयपुर के अतिरिक्त निदेशक डॉ. शैलेंद्र शुक्ला थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य संरक्षक रामेश्वर लाल व्यास ने की।

सम्माननीय अतिथियों में कानोड़ के मनोहर लाल उपाध्याय और हरीश कुमार बाबेल, वल्लभनगर के चंद्रशेखर व्यास, बांसड़ा के सरपंच प्रतिनिधि सुरेश कुमार जाट उर्फ महादेव, केदारिया के सरपंच ईश्वर दास वैष्णव, भिंडर नगर पालिका अध्यक्ष सुंदरलाल जैन लिखमावत, केदारिया के भगवान लाल शर्मा, बांसड़ा के उपसरपंच खेमराज मीणा, कानोड़ के डॉ. निखिलेश मोदी, सवना के डॉ. नवीन शर्मा, वाना की डॉ. कविता मीणा, भिंडर के डॉ. कैलाश लोहार, पशुधन सहायक अभय सिंह राठौड़, बांसड़ा के राजेंद्र चौधरी, भीखा वनिया के राजवीर सिंह और अमरपुरा के मुरलीधर रोलानिया शामिल रहे।

सीताराम महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि संपूर्ण भारत में विभिन्न संप्रदायों और पंथों को मानने वाले लोग हैं, लेकिन गाय, गंगा और गुरु के महत्व को लेकर कोई तर्क-वितर्क नहीं करता। इन तीनों का आशीर्वाद प्राप्त करने का माध्यम गौ माता हैं। उनके रोम-रोम में 33 कोटि देवता विद्यमान हैं और स्वयं गंगा भी गौ माता में समाहित हैं।

उन्होंने कहा कि जगत में कई लोग गुरु बनाते हैं और गुरु के रूप में किसी पुरुष या शरीर को स्वीकार करते हैं, लेकिन वहां किसी प्रकार का विकार या स्वार्थ होने की संभावना रहती है। इसके विपरीत गाय को गुरु मानने मात्र से व्यक्ति का कल्याण हो जाता है। गाय को घास खिलाने पर भी आशीर्वाद मिलता है और घास नहीं खिलाने पर भी वह आशीर्वाद देती है। इसलिए मनुष्य को जीवन में जहां भी संभव हो, गौ सेवा में संलग्न रहना चाहिए।

महाराज ने गाय को स्वयं कल्पवृक्ष बताते हुए कहा कि एक गौ माता की परिक्रमा करने से सभी तीर्थों की परिक्रमा का पुण्य प्राप्त होता है। इससे बड़ा सौभाग्य क्या होगा कि गौ माता घर के आंगन में खड़ी होकर आशीर्वाद दे रही हों। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और सरपंचों से अपने-अपने क्षेत्रों में गौशालाएं स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि यह संकल्प लें तो गौ माता को तिरस्कार का सामना नहीं करना पड़ेगा और स्वतः राम राज्य की स्थापना हो जाएगी। न तो गौ माता सड़कों पर आएंगी और न ही उनकी असमय मृत्यु होगी।

उन्होंने कहा कि भाग्य और गौ माता की इच्छा के बिना व्यक्ति चाहकर भी गौशाला में प्रवेश नहीं कर सकता। जब तक गौ माता स्वयं नहीं बुलातीं, तब तक वहां पहुंचना संभव नहीं है। इसलिए गौशाला आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को गौ माता ने स्वयं बुलाया है। उन्होंने सभी से गौ सेवा की प्रेरणा लेकर अपना कल्याण करने का आह्वान किया।

संत ईश्वर दास महाराज ने गाय को जगत का आधार बताते हुए उसकी सेवा करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गौ सेवा से पापों का अक्षय होता है, इसलिए प्रत्येक मनुष्य को गौ सेवा में सक्रिय रहना चाहिए।

कार्यकारी अध्यक्ष संस्थान प्रेम शंकर रामावत ने बताया कि मुख्य अतिथि डॉ. शैलेंद्र शुक्ला ने अपने संबोधन में जनप्रतिनिधियों से गौशाला और नंदीशाला खोलने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं के तहत गौ सदन के लिए एक करोड़ रुपये और नंदीशाला के लिए एक करोड़ 54 लाख रुपये का प्रावधान है। हालांकि, विभाग के सामने भूमि की उपलब्धता एक बड़ी समस्या है, क्योंकि भूमि पंचायतों के पास होती है। यदि पंचायतें स्वयं इस कार्य में आगे आएं तो गौ सेवा का कार्य सहज हो सकता है। इसके लिए पंचायतों या संस्थाओं को 10 प्रतिशत राशि की व्यवस्था करनी होगी।

डॉ. शुक्ला ने कहा कि गौ माता को सुरक्षित रखना है तो गांव-गांव में जनप्रतिनिधियों को गौशालाएं खोलनी चाहिए। पशुपालन विभाग इस कार्य में पूर्ण सहयोग करेगा। उन्होंने चौबीसा की समर्पण भावना, भक्ति और तपस्या की सराहना करते हुए साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि कलियुग में ग्वालों के अभाव में भी चौबीसा स्वयं सेवा के भाव से गौ सेवा में लगे रहते हैं। ऐसे व्यक्ति बिरले होते हैं और यह उनके पूर्व जन्मों का परिणाम है कि वे लगातार सेवा में संलग्न हैं।

कार्यक्रम को भगवान लाल शर्मा और डॉ. निखिलेश मोदी ने भी संबोधित किया। समारोह में विमल प्रसाद लिखमावत जैन कोषाध्यक्ष, देवराम व्यास कार्यकारी अध्यक्ष, कृष्ण गोपाल मूदड़ा, दूल्हे सिंह राठौड़, गोवर्धन सिंह शक्तावत, लचीराम साहू, महावीर प्रसाद जैन, त्रिभुवन मेनारिया, गोपाल कृष्ण चौबीसा, देवकिशन चौबीसा, मोहन सिंह चौहान, मदनलाल चौबीसा, प्रकाश चंद्र चौबीसा, कुशल गिरी, पूरन रावत बांसड़ा, नारायण लाल शर्मा वार्ड पंच, देवकरण शर्मा, राजेश कुमार गर्ग, श्रीमती रेणु गर्ग, उषा चौबीसा, पुष्कर लाल साहू, दिलीप कुमार चौबीसा और मांगी लाल जोशी सहित कई गोभक्त उपस्थित रहे।

इस दौरान पशुपालन विभाग के सेवाभावी चिकित्सकों और सहायकों का गौशाला की ओर से सम्मान किया गया। कार्यक्रम में भरत कुमार जारौली ने शब्दों से स्वागत किया, जबकि संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम शंकर रामावत ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संस्थापक संचालक श्याम चौबीसा ने किया।

Bharat Jaroli, Udaipur

Bharat Jaroli, Udaipur

नाम: भरत कुमार जारोली

वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: कानोड़ (तहसील: कानोड़, जिला: उदयपुर, राजस्थान)

बीट : स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भरत कुमार जारोली राजस्थान के उदयपुर जिले के अंतर्गत आने वाले कानोड़ तहसील और उसके आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ संवाददाता हैं। वह अपने क्षेत्र में पुलिस थाना, अस्पताल, स्थानीय प्रशासन, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों सहित सभी विषयों पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

भरत कुमार जारोली को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। वह साल 1982 से लगातार 'प्रातः काल' दैनिक समाचार पत्र के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पूर्व वह 'राजस्थान पत्रिका' (उदयपुर) से जुड़े हुए थे, जहाँ उन्होंने 35 वर्षों तक नियमित रूप से काम किया।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा हायर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की है।

Next Story