उदयपुर। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने कोटक महिंद्रा बैंक प्रबंधन और उसके कर्मचारियों पर उसकी निजी बैंकिंग जानकारी किसी तीसरे व्यक्ति को अवैध रूप से देने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, भुवाणा स्थित हिंतावाला टॉवर निवासी अल्पना जैन, जो मैसर्स अजरा फर्म की प्रोप्राइटर हैं, ने यह मामला दर्ज कराया है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि कोटक महिंद्रा बैंक, शोभागपुरा शाखा में खाता खुलवाने के दौरान बैंक प्रतिनिधि ने उनसे फर्म के पंजीयन दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण कागजात लिए थे।

अल्पना जैन का आरोप है कि मुम्बई में ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया लिमिटेड में कार्यरत हिमांशु चोरडिया, जो कोटक बैंक के अधिकारियों से घनिष्ठ संबंध रखता है, ने बैंक प्रबंधन की मिलीभगत से उनके खाते का स्टेटमेंट और अन्य निजी वित्तीय जानकारी हासिल कर ली। शिकायत के अनुसार, हिमांशु और उसके परिजनों ने यह जानकारी जुलाई 2024 में अदालत में विचाराधीन मेंटेनेंस केस में पेश की, जबकि स्टेटमेंट जून 2023 तक का था।

महिला ने बैंक के शोभागपुरा और बांद्रा शाखा के कर्मचारियों और प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने हिमांशु चोरडिया को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से उसकी व्यक्तिगत वित्तीय जानकारी और स्टेटमेंट सौंपे। यह कार्रवाई बैंकिंग गोपनीयता नियमों का गंभीर उल्लंघन मानी जा रही है।

सुखेर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में बैंक की आंतरिक प्रक्रिया और डेटा एक्सेस रिकॉर्ड की जांच की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि जानकारी कैसे लीक हुई। यह मामला बैंकिंग सुरक्षा और ग्राहक गोपनीयता पर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story