उदयपुर के बाल संस्कार शिविर में बच्चों को मिला आत्मरक्षा और योग का प्रशिक्षण
सनातन पाठशाला समिति के शिविर के तीसरे दिन पुलिस टीम ने बच्चों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर, आध्यात्मिक चेतना और एकाग्रता के लिए हुआ योग-ध्यान का अभ्यास।

सनातन पाठशाला समिति, उदयपुर द्वारा संचालित बाल संस्कार शिविर के तीसरे दिन बुधवार को प्रशिक्षणार्थियों में निर्भयता, साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार करने वाले विविध सत्र आयोजित किए गए। शिविर में आध्यात्मिक शिक्षा, योग, वैदिक ध्यान, देशभक्ति, आत्मरक्षा और संस्कारों का समन्वित प्रशिक्षण दिया गया।
सत्र के अध्यक्ष पंडित धीरज वैदिक ने कहा कि ब्रह्म निर्भय है और जो व्यक्ति उस ब्रह्म को जान लेता है, वह भी ब्रह्म के समान निर्भय हो जाता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को बल, पराक्रम और साहस धारण कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आचार्य त्रिभुवन व्यास ने श्रीमद् भगवद गीता के एक श्लोक का अभ्यास करवाते हुए बिना फल की अपेक्षा के सतत निष्काम कर्म करने और लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। उन्होंने प्रेरक कहानी और देशभक्ति गीत का अभ्यास भी करवाया, जिससे बच्चों में राष्ट्रभक्ति और सकारात्मक सोच का भाव जागृत हुआ।
मीडिया प्रभारी योगाचार्य जिग्नेश शर्मा ने मन की एकाग्रता और स्थिरता के लिए आसन, प्राणायाम और सूक्ष्म क्रियाओं का अभ्यास करवाया। सनातन पाठशाला के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने दैनिक अग्निहोत्र के मंत्रों के उच्चारण और वैदिक ध्यान का प्रशिक्षण दिया। वहीं मांगी लाल सुथार ने रामचरितमानस की चौपाइयों और राम स्तुति का अभ्यास करवाकर धार्मिक संस्कारों का महत्व बताया। विष्णु पालीवाल ने जल संरक्षण और जल संबंधी विषयों पर जानकारीपूर्ण वार्ता प्रस्तुत की।
शिविर में आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी आकर्षण का केंद्र रहा। जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उदयपुर के निर्देशानुसार कालिका पेट्रोलियम टीम द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। टीम ने बच्चों को चुनौतियों का सामना करने और विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
संस्कार, आध्यात्मिक चेतना, योग और आत्मरक्षा के समन्वय से आयोजित यह शिविर बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और मानसिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी पहल बनकर उभर रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
