बड़ीसादड़ी (प्रात:काल संवाददाता)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ, बड़ीसादड़ी के तत्वावधान में बोहेड़ा एवं बड़ीसादड़ी में आयोजित 35 दिवसीय 'अभिरुचि एवं कौशल विकास समर कैंप' विद्यार्थियों के लिए प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम बन गया है। इस शिविर में विद्यार्थियों का उत्साह निरंतर चरम पर है, जहाँ वे विभिन्न विधाओं का बारीकी से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने कौशल को नई दिशा दे रहे हैं।

स्थानीय संघ के सचिव चंद्रकांत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा सिलाई, ब्यूटी पार्लर, बैडमिंटन, स्पोकन इंग्लिश, योग एवं प्राणायाम, डांस, आर्ट एंड क्राफ्ट, मेहंदी तथा शतरंज सहित अनेक गतिविधियों का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल कौशल विकास का अवसर मिल रहा है, बल्कि उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण संस्कार भी दिए जा रहे हैं।

शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए प्रधानाचार्य एवं शिविर प्रभारी भूपेंद्र कुमार भंडारी ने कहा कि यह समर कैंप विद्यार्थियों के लिए सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने एवं अपनी अंतर्निहित प्रतिभाओं को एक गरिमामयी मंच प्रदान करने का उत्कृष्ट अवसर है। स्काउट सर्कल ऑर्गेनाइजर चंद्र शंकर श्रीवास्तव ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, सहयोग एवं नेतृत्व जैसे गुणात्मक विकास को बढ़ावा मिल रहा है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता हेतु योग शिक्षक जगदीश शर्मा द्वारा विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

इस शैक्षणिक आयोजन को सफल बनाने में सेवानिवृत्त प्राध्यापक नर्बदाशंकर पुष्करणा एवं पूर्व प्रधानाध्यापक महेंद्र कुमार जैन का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हो रहा है। शिविर के सुचारू एवं सफल संचालन में प्राध्यापक शारीरिक शिक्षा तेजपाल जणवा, नंदलाल लोहार, मुकेश कुमार मालू, कविता पोरवाल, ईशा अग्रवाल एवं उर्मिला पोरवाल सहित अन्य प्रशिक्षकों की भूमिका अत्यंत सराहनीय बनी हुई है। यह समर कैंप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक अनुकरणीय पहल सिद्ध हो रहा है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story