खेरवाड़ा। शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर मंगलवार को आध्यात्मिक उल्लास और धार्मिक श्रद्धा से सराबोर हो गया, जब आर्यिका कांति श्री एवं आर्यिका स्वस्ति श्री माताजी का नगर में मंगल प्रवेश हुआ। उनके आगमन के साथ ही वातावरण में जयघोष, भक्ति और अनुशासन का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। इसी शुभ अवसर पर नगर में दो दीक्षार्थी बहनों — बाल ब्रह्मचारिणी निधी दीदी और बाल ब्रह्मचारिणी मोनिका दीदी — की पारंपरिक गोद भराई रस्म भी अत्यंत श्रद्धा और विधि-विधान से संपन्न हुई।

उल्लेखनीय है कि आगामी 6 से 13 फरवरी 2026 तक श्री णमोकार तीर्थ, नासिक में अंतरराष्ट्रीय पंचकल्याणक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें 7 फरवरी को आचार्य श्री देव नंदी जी महाराज के पावन कर कमलों से दोनों बहनों की दीक्षा संपन्न होगी। दीक्षा से पूर्व आयोजित यह गोद भराई समारोह न केवल जैन परंपरा का प्रतीक रहा, बल्कि समाज की आस्था, समर्पण और आध्यात्मिक उत्सवधर्मिता का भी सशक्त उदाहरण बना।

समारोह के दौरान आर्यिका श्री ने अपने संबोधन में जीवन में मुस्कान के महत्व पर प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि मुस्कुराना मनुष्य की सबसे बड़ी शक्ति है, जो जीवन को सत्य, शिव और सुंदर बना देती है। उनके उद्बोधन ने उपस्थित समाजजनों को आत्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से भर दिया।

शांतिनाथ दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी, महामंत्री भूपेंद्र कुमार जैन, दाशा हुमड़ दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष वीरेंद्र बखरिया, पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर कोठारी, युवा परिषद अध्यक्ष विक्रांत कोठारी सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के सदस्य इस अवसर पर उपस्थित रहे। संचालन महामंत्री भूपेंद्र कुमार जैन ने किया तथा आभार व्यक्त रमेश चंद्र कोठारी द्वारा किया गया।

दोपहर में आहारचार्य के पश्चात आर्यिका कांति श्री एवं स्वस्ति श्री माताजी खेरवाड़ा से बोखला गांव की ओर बिहार कर प्रस्थान कर गईं।

इस पूरे आयोजन ने खेरवाड़ा में आध्यात्मिक उल्लास और जैन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story