उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र में स्थित डागलिया फार्म हाउस पर एक परिवार पर हुए जानलेवा और बर्बर लूटपाट की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए कमल गायरी, उनकी पत्नी काली बाई, माता राजु बाई और बहन बाबूड़ी पर ताबड़तोड़ हमला किया।

पीड़ित कमल गायरी (45), पुत्र लच्छीराम गायरी, निवासी मुण्डोल ने बताया कि घटना पूरी तरह से सुनियोजित थी। शुरुआत में एक संदिग्ध व्यक्ति फार्म हाउस के मुख्य गेट पर आया, जिसे उन्होंने सामान्य समझकर नजरअंदाज किया। इसके कुछ समय बाद करीब 7 से 8 नकाबपोश बदमाश लोहे की सरियों, लाठियों, गुलेल और आरी के पत्तों से लैस होकर फार्म हाउस में घुस आए।

बदमाशों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शोर सुनकर बाहर आए परिवार के सदस्यों पर बेरहमी से हमला किया। कमल गायरी के बायां हाथ टूट गया और सिर पर गंभीर चोटें आईं। पत्नी काली बाई भी बीच-बचाव में घायल हुईं, और उनके कानों से सोने के टॉप्स खींच लिए गए, जिससे गंभीर चोट लगी। उनके गले से मादलिया भी लूट ली गई। इसी तरह, माता राजु बाई के कान तोड़कर सोने की गालियां छीनी गईं, जबकि चांदी की कड़ियां निकालने में असफल बदमाश आरी से कड़ियां काटने की कोशिश कर रहे थे। बहन बाबूड़ी के गले से पांच मादली का सेट और मंगलसूत्र छीना गया।

शोर सुनकर पास के खेतों में रहने वाले पड़ोसी मौके पर पहुंचे, और खुद को घिरा हुआ देख बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग गए। घायल परिवार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

डबोक थाना पुलिस ने घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश में टीमें गठित की हैं। वहीं, हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फार्म हाउस पर बार-बार होने वाली वारदातों ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और ग्रामीणों में भारी रोष फैला है।

यह घटना न केवल उदयपुर जिले में सुरक्षा की स्थिति पर सवाल उठाती है, बल्कि आम नागरिकों में भी भय का माहौल पैदा कर रही है।

Updated On
Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story