उदयपुर। अंजुमन तालीमुल इस्लाम की जनरल हाउस मीटिंग में सामुदायिक प्रगति और वित्तीय पारदर्शिता का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए वर्ष 2025-2026 की वित्तीय रिपोर्ट सर्वसम्मति से पारित कर दी गई। संस्था ने भविष्य की नींव रखते हुए वर्ष 2026-2027 के लिए विकास का एक विस्तृत रोडमैप और नई रणनीतियां भी तैयार कीं। इस महत्वपूर्ण बैठक का प्राथमिक उद्देश्य 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च तक के आय-व्यय का पूर्णतः पारदर्शी विवरण सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत करना था। बैठक के दौरान संस्था की आवक और जावक के एक-एक पैसे का विस्तृत ब्यौरा साझा किया गया, साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष के लिए संभावित आय के स्रोतों और खर्चों की रूपरेखा पर भी गहन मंथन हुआ।

शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए अंजुमन ने सामाजिक जिम्मेदारी के तहत 20 आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को गोद लेने का संवेदनशील निर्णय लिया है। इन बच्चों की संपूर्ण शिक्षा और जीवन की अन्य आवश्यक जरूरतों का समस्त खर्च संस्था स्वयं वहन करेगी। सेक्रेटरी मुस्तफा शेख ने इस पहल को रेखांकित करते हुए कहा कि इस दूरगामी निर्णय से वंचित बच्चों को न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य के द्वार भी खुलेंगे।

सदन में सामाजिक सुधारों के प्रति भी कड़ा रुख अपनाया गया। निकाह जैसे आयोजनों को सादगीपूर्ण बनाने, बैंड-बाजों पर रोक लगाने और फिजूलखर्ची को सीमित करने की पुरजोर अपील की गई। इसके अतिरिक्त, शहर में बढ़ते नशे के जाल को तोड़ने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर नशा बेचने और सेवन करने वालों के विरुद्ध एक प्रभावी अभियान चलाने का निर्णायक संकल्प लिया गया। सदर मुख्तार कुरेशी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संस्था को नई प्रगतिशील दिशा देने के लिए पूरी टीम अटूट प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस गरिमामयी बैठक में नायब सदर फारूक कुरेशी, जॉइंट सेक्रेटरी इज़हार हुसैन, काबीना सदस्य आदिल शेख, एडवोकेट शहज़्ज़ाद, मोहम्मद तौकीर, फिरोज बशीर, अनीस अब्बासी, तनवीर चिश्ती, फखरुद्दीन शेख, अनीस रज़ा और हिदायतुल्लाह सहित समाज के अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story