राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आमली में शुक्रवार को शारीरिक शिक्षक श्री रतनलाल घावरी के सेवानिवृत्ति समारोह का गरिमामय एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। विद्यालय में लगभग 28 वर्षों तक समर्पित सेवाएं देने के बाद आयोजित इस समारोह में शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने उनका सम्मान करते हुए भावभीनी विदाई दी।

समारोह की अध्यक्षता पीईईओ श्री रामचंद्र रेगर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में पीईईओ श्री मीठालाल लोहार (तारावट) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपसरपंच श्री मनोहर सिंह राणावत एवं भाजपा मंडल मावली के श्री अशोक पालीवाल ने भाग लिया।

सम्मान समारोह के दौरान श्री रतनलाल घावरी ने विद्यालय के विकास और शैक्षिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 1 लाख 51 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित ग्रामीणों, शिक्षकों और अतिथियों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया तथा इसे विद्यालय के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों और उपस्थितजनों का मन मोह लिया। इसके बाद विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों ने श्री घावरी का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर गांव के गणमान्य नागरिक श्री विजय सिंह, श्री कैलाश सिंह, श्री लाल सिंह, श्री गेहरी लाल और श्री रमेश लोहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विद्यालय के पूर्व सेवानिवृत्त शिक्षक श्री शिव किशोर आमेरा, पूर्व प्राचार्य श्री लोगर मेघवाल, श्री रामजी जाट सहित अनेक शिक्षाविदों ने भी समारोह में भाग लेकर श्री घावरी के शिक्षा एवं खेल क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन विद्यालय के उपप्रधानाचार्य श्री पुष्करलाल लोहार ने किया। समारोह में श्री रतनलाल घावरी की दीर्घकालीन सेवाओं के साथ विद्यालय विकास के लिए घोषित 1 लाख 51 हजार रुपये की सहयोग राशि को उपस्थितजनों ने शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story