अमित कलाल को शिक्षा विभाग ने जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान से नवाजा
खेरवाड़ा के समाजसेवी और भाजपा नेता अमित कलाल को शिक्षा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उदयपुर में सम्मानित किया गया।

तस्वीर में समाजसेवी और भाजपा नेता अमित कलाल दिखाई दे रहे हैं।
खेरवाड़ा। शिक्षा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी, संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष एवं भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल को शिक्षा विभाग द्वारा जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान से नवाजा गया है। अमित कलाल विगत कई वर्षों से क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों के भौतिक विकास, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही विभिन्न सार्वजनिक एवं सामाजिक कार्यों में निरंतर भामाशाह के रूप में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। शिक्षा, सामाजिक सेवा और जनहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।
यह सम्मान उदयपुर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, रेजीडेंसी में आयोजित जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह के दौरान प्रदान किया गया। गरिमामयी समारोह में उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा एवं भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर जोशी सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अमित कलाल को प्राप्त यह सम्मान क्षेत्र में शिक्षा, सामाजिक सरोकारों एवं जनसेवा के प्रति उनकी दीर्घकालीन प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर स्थानीय नागरिकों, व्यापारिक संगठनों एवं समाजजनों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
