सांवरिया सेठ की नगरी में 6 जोड़ों का पाणिग्रहण और 101 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न हुआ, देशभर से 3500 से अधिक समाजजन जुटे।

मेवाड़, वागड़, कांठल और मालवा सहित देशभर से जुटे हजारों समाजजनों की साक्षी में सांवरिया सेठ की पावन नगरी मंडफिया में अखिल भारतीय आमेटा ब्राह्मण समाज का तृतीय सामूहिक विवाह एवं सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार समारोह हर्षोल्लास और अभूतपूर्व भव्यता के साथ संपन्न हुआ। सामाजिक एकता और सनातन परंपरा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए इस आयोजन में करीब 3,500 से अधिक लोगों ने सहभागिता की, जिससे संपूर्ण परिसर आमेटा समाज के गौरव से गुंजायमान हो उठा।

समारोह के प्रथम सोपान में समाज के 101 बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराया गया। धारता के आचार्य पुष्कर लाल आमेटा एवं नाई गांव के किशन लाल आमेटा के सानिध्य में 101 आचार्यों द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चार ने वातावरण को धर्ममय बना दिया। इसी कड़ी में सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष राजेश आमेटा भींडर की अध्यक्षता में भव्य महिला संगीत का आयोजन हुआ, जिसमें महिला मंडल अध्यक्ष अरुणा आमेटा के नेतृत्व में विनीता एवं ग्रुप द्वारा दी गई शानदार प्रस्तुतियों और भूपेंद्र आमेटा एवं पार्टी आर्केस्ट्रा ग्रुप के भजनों ने समां बांध दिया। इस अवसर पर समिति द्वारा आयोजन में महती भूमिका निभाने वाले समाजसेवियों को पगड़ी एवं उपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

आयोजन के द्वितीय दिवस पर आचार्य पुष्कर आमेटा के सानिध्य में 6 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। समयबद्धता और अनुशासित प्रबंधन के बीच वर-वधू का स्वागत, वर पक्ष का सम्मान एवं समाज की पारंपरिक रीतियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया गया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी मुख्य अतिथि के रूप में रामनारायण आमेटा (खाखलास), लक्ष्मीनारायण आमेटा (कारोलिया), श्यामलाल आमेटा (गादोली), गिरीश आमेटा (कुराबड़), नरेंद्र आमेटा (गादोली), मुकेश आमेटा (बंबोरी), कांतिलाल आमेटा (बागीदौरा), रवि आमेटा (उदयपुर), लेहरू लाल आमेटा (प्रतापगढ़) एवं मनोज शर्मा (उज्जैन) सहित अनेक गणमान्य प्रबुद्धजन रहे।

समारोह के समापन पर सामूहिक विवाह समिति के महामंत्री मुकेश कुमार आमेटा (बंबोरी) ने समस्त समाजजनों का तन, मन और धन से दिए गए सहयोग हेतु हृदय से आभार व्यक्त किया। भव्य विदाई समारोह के पश्चात उपस्थित समाजजनों ने संकल्प लिया कि भविष्य में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलनों में और अधिक जोड़ों का पंजीकरण करवाकर समाज की इस परंपरा को और अधिक सशक्त एवं गौरवान्वित बनाया जाएगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story