मावली। राजस्थान आंबेडकर शिक्षक संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय शैक्षिक सम्मेलन आगामी 19 और 20 दिसंबर 2025 को मावली नगर स्थित शिव वाटिका में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं और आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर समन्वय किया जा रहा है।

जिला अध्यक्ष गौतम तिरगर एवं जिला महामंत्री रामसिंह रेगर ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन के पहले दिन नई शिक्षा नीति और शिक्षा में गुणात्मक सुधार जैसे समसामयिक विषयों पर गंभीर एवं विस्तृत मंथन किया जाएगा। इस सत्र में शिक्षण व्यवस्था में आ रहे बदलावों, चुनौतियों और सुधार की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा। वहीं दूसरे दिन शिक्षक समस्याओं को लेकर एक खुला मंच आयोजित किया जाएगा, जहां राज्यभर से आए शिक्षक अपने सुझाव और प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। इन प्रस्तावों के आधार पर एक मांग पत्र तैयार कर राज्य सरकार को प्रेषित किया जाएगा।

सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को उदयपुर में संघ के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा तय की गई और विभिन्न दायित्वों का कार्य विभाजन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, सहभागिता और संचालन से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है कि इस प्रांतीय शैक्षिक सम्मेलन में राजस्थान के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में शिक्षक और संघ के पदाधिकारी भाग लेंगे। यह सम्मेलन न केवल शिक्षकों की आवाज को एक मंच प्रदान करेगा, बल्कि शिक्षा सुधार और नीति निर्माण में सामूहिक सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

नाम: भूपेश प्रजापत

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)

परिचय 

भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।

Next Story