उदयपुर जिले के वल्लभनगर उपखंड के भटेवर कस्बे में स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र मालिया वाला श्याम हनुमान मंदिर में अमावस्या के पावन अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और वैदिक परंपराओं का अनुपम संगम देखने को मिला। यहां अखंड रामायण पाठ के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

मालिया वाला श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित अखंड रामायण पाठ का विधिवत समापन किया गया। इस अवसर पर समिति के मगनी राम नागदा, चुन्नीलाल जणवा, लक्ष्मीलाल सुथार, भंवरलाल जणवा, हुक्मीचंद्र सुथार, जगदीश खारोल, रोशन प्रजापत, डालचंद्र प्रजापत, नरेश आमेटा, गणेश लोहार, बाबरमल पुष्करणा, पालेश सुथार, शंकरलाल खारोल, पूरण धाकड़, मीठालाल जणवा, हीरालाल लोहार सहित अनेक श्रद्धालुओं ने रामायण पाठ का सामूहिक वाचन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

रामायण पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात पंडित ओमप्रकाश औदीच्य के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन अनुष्ठान संपन्न हुआ। हवन में लक्ष्मीलाल सुथार सहित श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। समिति के गोपाल सोनी द्वारा हनुमानजी को आकर्षक आंगी धारण करवाई गई, वहीं मंदिर पुजारी भेरुदास वैष्णव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मनोहारी श्रृंगार के साथ आरती संपन्न कराई।

अनुष्ठानों के दौरान श्रद्धालुओं ने हनुमानजी के दर्शन कर क्षेत्र में खुशहाली की प्रार्थना की। फल-फ्रूट का भोग अर्पित कर प्रसाद का वितरण किया गया। अमावस्या के कारण मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ी, जिससे मंदिर परिसर दिनभर आस्था और भक्ति के रंग में रंगा रहा।

गौरतलब है कि मालिया वाला श्याम सेवा समिति द्वारा बीते लगभग 35 वर्षों से प्रतिमाह अखंड रामायण पाठ सहित विविध धार्मिक आयोजनों की निरंतर परंपरा निभाई जा रही है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी सशक्त संदेश देता है।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story