उदयपुर। भारत के लोक सेवा प्रसारक आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को उदयपुर में एक भव्य वाकाथॉन का आयोजन किया गया। यह आयोजन आकाशवाणी की ऐतिहासिक यात्रा और उसकी समृद्ध विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को रेखांकित कर गया। फतेहसागर ओवरफ्लो पॉइंट से आरंभ हुई यह वाकाथॉन यूआईटी सर्किल, उपकार स्टोर मार्ग, पंचवटी सर्किल और लोक कला मंडल होते हुए मोहता पार्क स्थित आकाशवाणी कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

उप महानिदेशक (आकाशवाणी एवं दूरदर्शन) राजेंद्र नाहर ने हरी झंडी दिखाकर वाकाथॉन को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने आकाशवाणी के 90 वर्षों के सफर को रेखांकित करते हुए कहा कि संस्थान ने स्वतंत्रता आंदोलन, औद्योगिक क्रांति, हरित क्रांति, श्वेत क्रांति और 1971 के युद्ध जैसी ऐतिहासिक घटनाओं का साक्षी बनकर आधुनिक भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि इस गौरवशाली यात्रा के उपलक्ष्य में वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है, जिसके अंतर्गत 15 मई को संगीत संध्या का आयोजन किया गया था और वाकाथॉन भी इसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

वाकाथॉन में आकाशवाणी उदयपुर के सभी कार्यालय कर्मियों एवं समनुदेशितियों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागी विशेष टी-शर्ट और टोपी पहने हुए, ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए पूरे मार्ग पर आकाशवाणी के ध्येय वाक्य 'बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय' का संदेश प्रसारित करते हुए आगे बढ़े। वाकाथॉन का नेतृत्व सहायक निदेशक निर्मल पुरोहित एवं कार्यक्रम प्रमुख विनोद शर्मा ने किया। अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को जीवंत रखते हुए, आकाशवाणी ने इस आयोजन के माध्यम से जनमानस के साथ अपने गहरे जुड़ाव को एक बार पुनः सिद्ध किया है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story