आकार महाविद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता: विद्यार्थियों ने बिखेरे रंग
खेरवाड़ा के आकार महाविद्यालय में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में 21 युगल प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, अरुणा और अंजलि ने पहला स्थान हासिल किया।

आकार महाविद्यालय खेरवाड़ा में रंगोली प्रतियोगिता के दौरान भाग लेते हुए विद्यार्थी।
खेरवाड़ा के रानी रोड स्थित आकार महाविद्यालय में रंगों और कलात्मक कल्पनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। महाविद्यालय में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां सजाकर अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कॉलेज सीईओ दिनेश जैन एवं प्राचार्य डॉ. चंद्रकांत जैन के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता का नेतृत्व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी एवं उप प्राचार्य भावना मेघवाल ने किया। कार्यालय सहायक कनक लता के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में महाविद्यालय के प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में कुल 21 युगल प्रतिभागियों ने विभिन्न रंगों और अपनी कलात्मक कल्पनाओं के माध्यम से मनमोहक एवं आकर्षक रंगोलियां सजाईं। प्रतिभागियों की कलात्मक प्रस्तुतियों ने उनकी रचनात्मक सोच और कौशल को प्रदर्शित किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक अश्विनी परमार एवं नितिन परमार ने प्रतिभागियों की रंगोलियों का मूल्यांकन किया। इसमें अरुणा एवं अंजलि ने प्रथम, आकाश एवं मेहुल ने द्वितीय तथा चतर एवं आशीष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
महाविद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में कलात्मक अभिरुचि, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला और कल्पनाशीलता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
