किसानों की आय वृद्धि और कृषि उत्पादन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कृषि विभाग द्वारा बंजारीया एवं खाण्डी ओबरी ग्रामों में निःशुल्क उन्नत किस्म के मक्का बीज किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी रही, जहां उन्हें गुणवत्तापूर्ण बीजों के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक नानालाल अहारी उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर ने की। भाजपा खेरवाड़ा मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता एवं भाजपा नेता पारस जैन ने भी अतिथि के रूप में सहभागिता निभाई।

कृषि विभाग की ओर से आयोजित इस पहल के तहत बंजारीया ग्राम में 460 किसानों तथा खाण्डी ओबरी में 600 किसानों को उन्नत किस्म के मक्का बीज किट निःशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने, प्रमाणित बीजों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिए नवीन तकनीकों का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सहायक कृषि अधिकारी सूरजमल मनात, कृषि पर्यवेक्षक किरण कटारा, रोहित खराड़ी एवं विकास सुथार सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों को मक्का फसल की उन्नत खेती, बीज उपचार की वैज्ञानिक विधियों तथा फसल प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं, ताकि किसान बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।

ग्रामीण किसानों ने कृषि विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। निःशुल्क बीज वितरण और तकनीकी मार्गदर्शन का यह प्रयास क्षेत्र में कृषि विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story