उदयपुर जिले के वल्लभनगर उपखंड क्षेत्र के भटेवर में आदिब्रह्मा आदिनाथ फाउंडेशन ने शीतकाल में गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए कम्बल एवं बच्चों के लिए स्वेटर का वितरण किया। यह कार्यक्रम संस्थान के संस्थापक एवं निदेशक अनिल स्वर्णकार और उनके सहयोगियों पवन जैन पद्मावत, इंद्र वैष्णव, कृष्णा राणावत व अलका सिंह सोलंकी की उपस्थिति में आयोजित किया गया।

राष्ट्र संत आचार्य सुनील सागर महाराज ससंघ की प्रेरणा से पांचवें वर्ष लगातार आयोजित इस सेवा अभियान का उद्देश्य सड़क किनारे झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंदों को सर्दी से राहत प्रदान करना है। इस अवसर पर अनिल स्वर्णकार ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सेवा ही मानव जीवन का सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन नियमित रूप से बस्तियों में बच्चों को पाठ्य सामग्री, राशन किट, मिठाई, भोजन पैकेट, कम्बल और स्वेटर वितरित कर मदद कर रहा है।

कम्बल और स्वेटर वितरण में निरंजन विद्या जैन, वैभव प्रीतिका जैन अजमेर, विमल जैन पचेवर और वीरेंद्र प्रीति जैन दिल्ली ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। फाउंडेशन का लक्ष्य पूरे दिसंबर माह में विभिन्न बस्तियों में जाकर 300 से अधिक कम्बल और स्वेटर जरूरतमंदों तक पहुंचाना है।

उल्लेखनीय है कि सामाजिक कल्याण और जरूरतमंदों की सेवा के क्षेत्र में आदिब्रह्मा आदिनाथ फाउंडेशन के उत्कृष्ट योगदान के लिए इसे अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। संस्था निदेशक अनिल स्वर्णकार को समाजसेवा में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘शिरोमणि उपाधि’ भी प्रदान की जा चुकी है।

इस प्रकार, आदिब्रह्मा आदिनाथ फाउंडेशन की यह पहल शीतकालीन सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण बनकर उभर रही है, जो स्थानीय समुदाय के लिए राहत और प्रेरणा दोनों का स्रोत बनी हुई है।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story