उदयपुर। जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में एक युवक पर शादी से लौटते समय रास्ते में हमला कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में चार युवकों ने मिलकर पीड़ित को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाने पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह उसे बचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, संतोष पुत्र हीरा मीणा निवासी खारवा करकोला फलां कुराबड़ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह अपने परिचित कमलचंद पुत्र रामलाल चौधरी की पुत्री की शादी में शामिल होकर खाना खाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान खारवा रोड पर अचानक बाइक सवार चार युवक उसके पीछे आ गए। आरोप है कि प्रवीण पुत्र मांगीलाल ने पहले उसे रोककर हमला कर दिया। इसके बाद उसके साथी रोशन पुत्र मांगीलाल, मुकेश उर्फ दुर्गेश पुत्र तुलसीराम मीणा और नानालाल पुत्र देवीलाल निवासी झाली का गुड़ा भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर संतोष के साथ मारपीट शुरू कर दी।

घटना के दौरान आरोपियों ने संतोष को जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर संतोष की बहन भंवरी बाई और पत्नी नानी बाई मौके पर पहुंचीं, जिन्होंने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे छुड़वाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए भेजा गया। कुराबड़ थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब हमले के कारणों और आरोपियों की मंशा की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपियों के बीच पहले से किसी विवाद की आशंका भी जताई जा रही है

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story