उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, जबकि अब तक उसकी आत्महत्या के कारणों का कोई खुलासा नहीं हो पाया है।


घटना भोपाखेड़ा ग्राम पंचायत के फुसरिया फला की है, जहां डामरो का खेड़ा निवासी भेरूलाल पुत्र वगत राम रावत (उम्र 32 वर्ष) ने कंजेडी के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों द्वारा इस घटना की सूचना शंकरलाल रावत ने तत्काल खेरोदा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एएसआई लक्ष्मणलाल, हैड कांस्टेबल माधवलाल और प्रहलाद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से शव को पेड़ से नीचे उतारा गया।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरोदा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और युवक की आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। न तो कोई सुसाइड नोट मिला है और न ही किसी पारिवारिक विवाद की पुष्टि हुई है। खेरोदा थाना पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।


भेरूलाल की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव की ओर इशारा करती है, जिन पर ध्यान देना आवश्यक है।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story