उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में उदयपुर शहर एक बार फिर से सहकार भावना के रंग में रंगने जा रहा है। संभाग स्तरीय तीन दिवसीय सहकार मेला 14 नवंबर से गांधी ग्राउंड में आयोजित होगा, जिसमें उदयपुर संभाग के सात जिलों की विभिन्न सहकारी समितियों की भागीदारी रहेगी। मेले का उद्घाटन राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक द्वारा किया जाएगा।

सहकारी समितियों की अतिरिक्त रजिस्ट्रार गुंजन चौबे ने बताया कि मेले में 40 से अधिक स्टॉल्स लगाई जाएंगी, जिनमें सहकारी समितियों और राजीविका समूह की सखियों द्वारा निर्मित विविध उत्पादों को प्रदर्शित और बिक्री के लिए रखा जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना और स्थानीय स्तर पर स्वावलंबन को बढ़ावा देना है।

मेले के मुख्य आकर्षण के रूप में श्री अन्न (मोटा अनाज), देशी मसाले, ड्राई फ्रूट्स, गजक, हर्बल उत्पादों के साथ-साथ आदिवासी वनधन उत्पाद, बनफूल, मोलेला आर्ट, अकोला की प्रसिद्ध बेडशीट और कंबल, जैकेट, जूट एवं बांस से निर्मित उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। ये सभी वस्तुएं न केवल स्थानीय कारीगरों के कौशल और परंपरा की झलक प्रस्तुत करेंगी, बल्कि ग्रामीण उद्यमिता की जीवंत मिसाल भी होंगी।

अतिरिक्त रजिस्ट्रार चौबे ने बताया कि सहकार मेले के माध्यम से स्थानीय समूहों, हस्तशिल्पियों और उत्पादक समितियों को एक साझा मंच मिलेगा, जिससे उनके उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंच मिल सकेगी। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सार्थक कदम सिद्ध होगी।

मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और जनजागरण गतिविधियों के माध्यम से सहकारिता के सिद्धांतों और उसके सामाजिक-आर्थिक महत्व को भी उजागर किया जाएगा। उदयपुर का गांधी ग्राउंड इन तीन दिनों तक सहकार भावना, हस्तकला और स्थानीय उत्पादों के उत्सव का साक्षी बनेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story