उदयपुर। शहर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र में एक सैनिक अधिकारी ने अपने स्वामित्व वाले पारिवारिक फ्लैट पर अवैध कब्जे और उसे हड़पने के प्रयास का संगीन आरोप लगाते हुए दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। तीन वर्षों से किराया न मिलने और लगातार टालमटोल से परेशान अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मेजर अविराज शेखावत, निवासी मंगलम आंचल, कालवाड़ रोड, झोटवाड़ा (जयपुर) ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी भुआ भंवर कंवर, पत्नी मोहन सिंह राठौड़, निवासी गुड़ा जगमलौता, थांवला (नागौर) के नाम से रघुकुल कॉम्प्लेक्स, सुभाष नगर, उदयपुर में एक फ्लैट स्थित है। यह फ्लैट उनके पिता जगन्नाथ सिंह द्वारा पूर्व में किराए पर जितेंद्र मेहता को दिया गया था।

आरोप है कि जितेंद्र मेहता ने बिना मालिकाना अनुमति के यह फ्लैट प्रवीण सिंह राठौड़ को दे दिया और पिछले तीन वर्षों से किसी प्रकार का किराया भी जमा नहीं किया गया। जब परिवार की ओर से फ्लैट खाली करने को कहा गया तो आरोपी न केवल टालमटोल करने लगे बल्कि विवाद की स्थिति भी उत्पन्न करने लगे।

शिकायत के बाद भूपालपुरा पुलिस ने दोनों को बुलाया तो पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रवीण सिंह बिना किसी लिखित अनुमति और बिना किराये की चिट्ठी के फ्लैट में रह रहा है। आरोपियों ने पुलिस को आश्वासन दिया था कि वे 30 मई तक फ्लैट खाली कर देंगे, लेकिन निर्धारित तारीख बीत जाने के बाद भी फ्लैट खाली नहीं किया गया।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रवीण सिंह और जितेंद्र मेहता ने फ्लैट के मूल ढांचे में तोड़फोड़ कर उसमें अवैध परिवर्तन भी किए हैं। वर्तमान में फ्लैट में एक महिला अपने बच्चों के साथ रह रही है, जिससे अवैध कब्जे की आशंका और गहरी हो गई है।

स्थानीय पुलिस ने फ्लैट हड़पने के प्रयास, अवैध कब्जे व तोड़फोड़ के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story