उदयपुर। शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र में स्कूटी की सर्विसिंग से मना करने पर दो युवकों द्वारा एक मैकेनिक और उसके पिता पर लोहे की नुकीली वस्तु से ताबड़तोड़ हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी गाली-गलौच करते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित दिनेश पुत्र कन्हैयालाल प्रजापत, निवासी नीमचखेड़ा टेम्पो स्टैंड, हिरा ऑटो गैराज फतहपुरा पर कार्यरत है। दिनेश के अनुसार वह रोजाना की तरह अपने गैराज पर काम कर रहा था, तभी एक स्कूटी पर सवार दो युवक पहुंचे और गाड़ी की रिपेयरिंग करने की मांग की। दिनेश ने बताया कि गैराज में पहले से कई वाहन सर्विस के लिए पड़े हैं, इसलिए उन्होंने युवकों को आधे घंटे बाद आने को कहा। इस पर दोनों युवक वापस चले गए।

करीब 10 से 15 मिनट बाद वही युवक दोबारा स्कूटी लेकर लौटे और बिना कुछ कहे दिनेश पर लोहे की नुकीली चीज से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर उनके पिता कन्हैयालाल बीच-बचाव के लिए आए, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी वार कर दिया। हमले में दिनेश की आंख के पास गंभीर चोट आई, जबकि पिता के हाथ-पैर में भी कई घाव हुए।

हमले के बाद दोनों युवक गाली-गलौच करते हुए घटनास्थल से फरार हो गए। पीड़ितों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। अंबामाता थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story