झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र के कोलियारी ग्राम पंचायत स्थित मोहन विद्या आश्रम में विकसित भारत की जी-रामजी योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)” के प्रभावी क्रियान्वयन और इसके दूरगामी लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसरों को सशक्त बनाने पर सम्मेलन का मुख्य फोकस रहा।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए उदयपुर जिला सांसद मन्नालाल रावत ने योजना की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पहले रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत 100 दिनों का प्रावधान था, जबकि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे बढ़ाकर 125 दिनों की रोजगार गारंटी दी गई है। उन्होंने कहा कि यह कदम ग्रामीण परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने और आत्मनिर्भर भारत की नींव को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।

राजस्थान सरकार के जनजाति कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने अपने संबोधन में कहा कि जी-रामजी योजना से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य भंवर सिंह पवार ने कहा कि जी-रामजी योजना को प्रत्येक ग्राम पंचायत में सुचारू रूप से लागू किया जाएगा, ताकि इसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संचालित स्वच्छ जल हर घर नल योजना, पक्की सड़क योजना और आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना है।

कार्यक्रम में उदयपुर जिला मंत्री संजय मेहता, विधानसभा प्रभारी नीलम राजपुरोहित, विधानसभा मीडिया संयोजक जीतू भाई शुक्ला, जी-रामजी योजना प्रभारी भोपाल सिंह शक्तावत, झाड़ोल मंडल अध्यक्ष शंकरलाल गाडरी, फलासिया मंडल अध्यक्ष भैरूलाल ओगणा, मंडल अध्यक्ष तखत सिंह, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सम्मेलन का समापन ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और बुनियादी सुविधाओं के माध्यम से आमजन को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ, जिससे विकसित भारत के लक्ष्य की ओर एक और ठोस कदम बढ़ाया गया।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story