मावली स्थित पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय में 7 दिसंबर 2025 को पूर्व छात्रों का बहुप्रतीक्षित मिलन समारोह उत्साह और सौहार्द के वातावरण में आयोजित हुआ। वर्षों बाद एक ही प्रांगण में पुनः एकत्र हुए एलूमनी ने न सिर्फ अपने सुनहरे विद्यालयी दिनों को साझा किया, बल्कि संस्थान के प्रति अपने भावों को भी पुनर्जीवित किया।

समारोह की शुरुआत प्राचार्य घनश्याम मीना, उप प्राचार्य रंजना चौधरी, मोहन जांगिड, एलूमनी अध्यक्ष डॉ. कैलाश लोहार और हेमेन्द्र लोहार द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। प्राचार्य ने स्वागत उद्बोधन में सभी पूर्व छात्रों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर सेवारत एलूमनी ने अपनी स्मृतियों और अनुभवों को साझा कर माहौल को भावपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्रों ने सूफी कव्वाली की प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं छात्राओं ने पारंपरिक घूमर नृत्य से राजस्थान की सांस्कृतिक छटा बिखेरी। एलूमनी एसोसिएशन ने विद्यालय को दो सीटिंग बेंच और सौ गुलाब के पौधे भेंट कर अपनी सामाजिक एवं संस्थागत जिम्मेदारी का संदेश दिया। साथ ही प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित कर उनके उत्साह को बढ़ाया गया।

समारोह के बाद विद्यालय प्रबंधन ने सभी एलूमनी के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की और भोजन उपरांत एक मैत्री मैच का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व छात्रों ने जोशपूर्ण सहभागिता दिखाई। एलूमनी एसोसिएशन के पुनः चुनाव में राहुल सोलंकी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन उप प्राचार्य रंजना चौधरी ने किया, जबकि मंच संचालन एलूमनी प्रभारी शिव शंकर सैन और अंकुर मोदी ने सुचारू रूप से निभाया। यह मिलन समारोह न केवल पुरानी यादों को ताज़ा करने का अवसर बना, बल्कि विद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story